Bankipur By-Election: पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से अभिषेक कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। प्रत्याशी के ऐलान के बाद जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
जानें क्या कहा?
प्रशांत किशोर ने कहा-लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को अपना उम्मीदवार उतारने का अधिकार है।
मिडिया सवाल – बीजेपी का कहना है कि उसने एक पुराने कार्यकर्ता को टिकट दिया है।
प्रशांत किशोर- यह बीजेपी का विषय है।
प्रदर्शनकारियों को समझाकर खुलवाया जाम
दरअसल, बुधवार को चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर करबिगहिया इलाके पहुंचे। यहां पटना रेलवे स्टेशन के पास से एक बच्चे के कथित अपहरण के विरोध में लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रशांत किशोर ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें सड़क खाली करने के लिए समझाया।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने दो दिन में मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है। अगर तय समय में कार्रवाई नहीं होती, तो वे खुद लोगों के साथ इस मुद्दे को उठाएंगे।
पदयात्रा कर मांगा समर्थन
प्रशांत किशोर ने बुधवार को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 35 और 29 में पदयात्रा कर लोगों से जनसंपर्क किया। उनकी पदयात्रा चिरैयाटांड़ दुर्गा मंदिर से शुरू हुई और जेजे मार्केट, लाल मार्केट, प्रिंस मार्केट, मारुति नगर, पोस्टल पार्क, चांदमारी रोड और तारकेश्वर पथ होते हुए एचडीएफसी बैंक के पास समाप्त हुई। इस दौरान उन्होंने लोगों से समर्थन मांगा और अपनी पार्टी की नीतियों की जानकारी दी।