इंदौर में कन्या पूजन में 7 बच्चियों से मारपीट, रिटायर्ड शिक्षिका पर कपड़े उतरवाकर बंधक बनाने का आरोप
आरोपी महिला सरकारी स्कूल से रिटायर हुई हैं। घटना सामने आने के बाद बच्चियों के परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन और भोज के लिए बुलाई गई बच्चियों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक रिटायर्ड महिला शिक्षिका ने बच्चियों पर रुपये चोरी करने का शक जताया और उनके साथ मारपीट की। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चियों को कमरे में बंद रखा गया और तलाशी के नाम पर उनके कपड़े उतरवाए गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित शहनाई रेसीडेंसी का है। आरोपी महिला सरकारी स्कूल से रिटायर हुई हैं। घटना सामने आने के बाद बच्चियों के परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
कन्या भोज के लिए घर बुलाया था
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रिटायर्ड शिक्षिका अनिता मोहता ने बस्ती क्षेत्र की बच्चियों को नवरात्रि में कन्या पूजन और भोज के लिए अपने घर बुलाया था। बच्चियां उनके घर पहुंचीं और वहां भोजन किया। इसी दौरान घर के मंदिर में रखे रुपये से भरा एक लिफाफा गायब होने की बात सामने आई।
आरोप है कि इसके बाद महिला ने बच्चियों से पूछताछ की और उन पर रुपये लेने का शक जताया। बच्चियों ने चोरी करने से इनकार किया, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और बच्चियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।
कमरे में बंद करने और तलाशी लेने का आरोप
बच्चियों और उनके परिजनों का आरोप है कि कुछ बच्चियों को एक कमरे में बंद कर दिया गया था। इसके बाद बच्चियों पर थप्पड़ बरसाए गए। परिजनों ने दावा किया कि चोरी के शक में बच्चियों के कपड़े उतरवाकर तलाशी ली गई। आरोप है कि बच्चियों को करीब चार घंटे तक कमरे में बंद रखा गया। परिजनों की तहररी पर पुलिस जांच में जुट गई है।
परिजन बच्चियों को लेकर थाने पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चियों के परिजन नाराज हो गए। वे बच्चियों को लेकर एमआईजी थाने पहुंचे और महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है और बच्चियों के बयान लेकर घटनाक्रम की जांच शुरू की है।
इस मामले ने बच्चों की सुरक्षा और उनके साथ व्यवहार को लेकर सवाल खड़े किए हैं। कन्या पूजन में बच्चियों को सम्मान देने की परंपरा है, ऐसे में इस आयोजन के दौरान दुर्व्यवहार के आरोप सामने आने से मामला चर्चा में है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। महिला के खिलाफ लगे आरोपों को अभी जांच के दायरे में ही देखा जाना चाहिए।
.jpeg&w=3840&q=75)
