ग्वालियर हादसा: घायलों से मिलने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे CM मोहन यादव, इलाज के लिए आर्थिक मदद का किया ऐलान
ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुई दुर्घटना में घायल सात लोगों का जयारोग्य चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घायलों से मुलाकात कर बेहतर उपचार का भरोसा दिया।

Gwalior Acciden: ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए हादसे के बाद घायलों और उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है। ऐसे मुश्किल वक्त में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बेहतर इलाज का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी दी जाएगी। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों और घायलों के लिए सरकार ने आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।
घायलों से मिले मुख्यमंत्री, इलाज का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने उपचार करा रहे मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में प्रदेश सरकार घायलों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है। सभी घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार कराया जाएगा। गंभीर रूप से घायल मरीजों को जरूरत पड़ने पर एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
डॉक्टरों को निर्देश, इलाज में लापरवाही न हो
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों की स्थिति और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मिले और इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।
गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने और उनके उपचार की लगातार समीक्षा करने को भी कहा गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नजर रखें और मरीजों के परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।
मृतकों के परिजनों को 4 लाख, गंभीर घायलों को 2 लाख
हादसे में प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार ने आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री के अनुसार सहायता राशि इस प्रकार है:
- मृतकों के परिजनों को: 4 लाख रुपए
- गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को: 2 लाख रुपए
- अन्य घायलों को: 50 हजार रुपए
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।
हादसे की जांच के निर्देश, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है और जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रॉमा सेंटर में सात घायलों का इलाज जारी
शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल सात लोगों का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। इनमें दो मरीजों की स्थिति गंभीर बताई गई है।
घायलों में ग्वालियर के हुजरात पुल क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय संजय शर्मा और सिंधियानगर निवासी 19 वर्षीय कल्पना गंभीर अवस्था में भर्ती हैं।
इसके अलावा माधवीनगर खताईपुरा निवासी 20 वर्षीय शुभम राठौर, हजीरा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय सोनू, ठाठीपुर निवासी 19 वर्षीय अभिषेक जाटव, टेकनपुर निवासी 28 वर्षीय राजबहादुर क्षेत्री और श्योपुर जिले के दूजापुर गांव निवासी सात वर्षीय दिव्यांश का भी इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने घायलों तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया।
कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे अस्पताल
ट्रॉमा सेंटर पहुंचने वालों में अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, जयप्रकाश राजौरिया और प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
सरकार ने घायलों के उपचार, आर्थिक सहायता और दुर्घटना की जांच को लेकर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

.jpg&w=3840&q=75)