पुलिस विभाग में रिक्त पदों पर जल्द होगी भर्ती: शस्त्र पूजन कार्यक्रम में CM मोहन यादव का ऐलान, पुलिस सेतु ऐप का किया शुभारंभ
विजयादशमी पर इंदौर पुलिस लाइन में CM मोहन यादव ने शस्त्र पूजन किया। उन्होंने पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती, विभिन्न विभागों में 85 हजार नियुक्तियों और पुलिस बैंड के लिए 750 पदों की बात कही। कार्यक्रम में पुलिस सेतु ऐप भी लॉन्च किया गया।
CM Mohan Yadav Indore visit: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजयादशमी के अवसर पर इंदौर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मां कालका की आराधना की तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परंपरागत तलवार, भाला सहित अत्याधुनिक एके-47 और अन्य अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया। मुख्यमंत्री ने विजयादशमी के पावन पर्व पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल लेकर आए। इस दौरान सीएम ने पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने, नई तकनीक अपनाने और रिक्त पदों पर भर्ती को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने इंदौर प्रशासन और पुलिस विभाग को बेहतर व्यवस्थाओं एवं नवाचारों के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव को महिला पुलिस दल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
शस्त्र पूजन को बताया कर्तव्य और जनसुरक्षा का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि शस्त्र पूजन भारतीय सनातन संस्कृति, शौर्य, शक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। शस्त्र धारण करना केवल शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि नागरिकों की रक्षा करने, समाज के कष्ट दूर करने और व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने विजयादशमी को भगवान श्रीराम की ओर से अधर्म पर धर्म की विजय और मां दुर्गा की ओर से महिषासुर के वध के माध्यम से नारी शक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का इतिहास वीरों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण से बना है।
‘सरकार सभी त्योहारों और सांस्कृतिक परंपराओं में सहभागी’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने सामाजिक संस्कारों और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए सभी त्योहारों में सक्रिय सहभागिता की परंपरा विकसित की है। आज प्रदेशभर में पुलिस बलों द्वारा शासकीय स्तर पर शस्त्र पूजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन में अनुशासन के साथ प्रोत्साहन भी आवश्यक है। दण्ड से व्यवस्था कायम होती है, तो प्रोत्साहन और सम्मान से कार्य करने वालों का उत्साह बढ़ता है।
पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस विभाग सहित सभी सरकारी विभागों में मानव संसाधन और व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय लिया गया है। साथ ही आगामी दो वर्षों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने आगामी वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाने और मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की विशेष परीक्षाएं जनवरी-फरवरी में आयोजित करने की योजना का भी उल्लेख किया।
हर जिले में पुलिस बैंड विकसित करने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर परेड की गरिमा बढ़ाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले और पुलिस बल में पुलिस बैंड की व्यवस्था विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। इसके लिए 750 पदों पर भर्ती किए जाने की बात भी उन्होंने कही।
उन्होंने पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधनों, नई जांच पद्धतियों, फॉरेंसिक सुविधाओं और संशोधित आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
पुलिस सेतु ऐप का किया शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘पुलिस सेतु ऐप’ का शुभारंभ किया। इसके माध्यम से नागरिक अपने स्थान के आधार पर संबंधित पुलिस थाने और ड्यूटी अधिकारियों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और उनसे सीधे संपर्क कर सकेंगे। ऐप पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, संबंधित थानों और अधिकारियों का विवरण, संपर्क सुविधाएं तथा आवश्यक पुलिस सेवाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की बात कही गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐप की उपयोगिता को देखते हुए इसे भविष्य में प्रदेश स्तर पर लागू करने पर भी विचार किया जाएगा।
इंदौर पुलिस को मिले 51 दोपहिया वाहन
मुख्यमंत्री ने इंदौर पुलिस को उपलब्ध कराए गए 51 दोपहिया वाहनों को फ्लैग ऑफ किया। ये वाहन होंडा इंडिया फाउंडेशन की ‘आइडियल ट्रैफिक सेफ सिटी’ परियोजना के तहत उपलब्ध कराए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संसाधनों की व्यवस्था कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि के माध्यम से की गई है। इससे शासन पर अतिरिक्त वित्तीय भार डाले बिना नागरिक सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा को लेकर तैयार पोस्टर का विमोचन भी किया गया। इसके अलावा इंदौर पुलिस के नशामुक्ति संबंधी जनजागरूकता कार्यों पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई।
पुलिसकर्मियों के समर्पण और महिला शक्ति को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर चौबीसों घंटे नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उनका समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के परिवार भी उनके दायित्वों को निभाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं और सरकार उनके कल्याण के लिए संवेदनशीलता से काम कर रही है।
सीएम ने कार्यक्रम में गार्ड ऑफ ऑनर में महिला पुलिसकर्मियों की सहभागिता के नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि क्षमता और दक्षता किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं। बेटियां भी प्रत्येक दायित्व को पूरी कुशलता और सामर्थ्य के साथ निभा सकती हैं। ऐसे नवाचार समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ समान अवसरों की भावना को भी मजबूत करते हैं।
इंदौर पुलिस कमिश्नर ने बताईं पदोन्नति और नवाचार की जानकारी
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा और मार्गदर्शन में वर्ष 2024 से शस्त्र पूजन की परंपरा में आमजन और जनप्रतिनिधियों को जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में 1,721 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है, जबकि पूरे प्रदेश में पुलिस विभाग में 27,500 से अधिक पदोन्नतियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर पुलिस तकनीक, नवाचार और जनकल्याण के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर शिवम वर्मा, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों की मौजूदगी रही।

.jpg&w=3840&q=75)