Asian Games 2026: भारत के लिए ‘गोल्डन डे’; कबड्डी में आए 2 स्वर्ण पदक, तजिंदरपाल को शॉटपुट में सिल्वर
एशियन गेम्स में महिला टीम के बाद भारत की पुरुष कबड्डी टीम ने भी फाइनल में ईरान को हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। यह भारत के लिए कबड्डी में दूसरा गोल्ड रहा।

Asian Games 2026: भारत ने शनिवार को एशियन गेम्स में कबड्डी के दोनों गोल्ड जीत लिए। महिला टीम ने ईरान को 37-34 और पुरुष टीम ने भी ईरान को 40-34 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पुरुष टीम ने लगातार 10वीं बार और महिला टीम ने लगातार 5वें एशियाड में मेडल जीता।
एथलेटिक्स में तजिंदरपाल सिंह तूर ने शॉटपुट में 20.64 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर जीता। प्राची चौधरी ने 400 मीटर में 53.21 सेकंड के समय के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया। भारत को मैराथन और शूटिंग में भी सिल्वर मिले।
भारत ने अबतक जीते 4 गोल्ड मेडल
भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अब तक चार गोल्ड मेडल जीत लिए हैं। एशियन गेम्स में भारत के लिए पहला गोल्ड महिला क्रिकेट टीम ने जीता था। वहीं इसके बाद शूटिंग मिक्स्ड टीम और कबड्डी की महिला व पुरुष टीमों ने गोल्ड जीता। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 30 हो गई है, जिसमें 4 गोल्ड, 12 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। पदक तालिका में भारत फिलहाल संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर है। वहीं चीन सबसे ऊपर है, जबकि जापान दूसरे और दक्षिण कोरिया तीसरे स्थान पर है।
कबड्डी में भारत का 9वां गोल्ड
1990 से 2026 तक खेले गए एशियाई खेलों के 10 इवेंट में भारत की पुरुष कबड्डी टीम ने 9 बार गोल्ड मेडल पर कब्जा किया है। सिर्फ 2018 में भारतीय पुरुष टीम गोल्ड जीतने से चूक गई थी। उस समय भारत को ब्रॉन्ज मेडल मिला था।
गोला फेंक में सिल्वर
तजिंदरपाल सिंह तूर ने पुरुषों के गोला फेंक में 20.64 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ भारत को रजत पदक दिलाया। पांचवें प्रयास में शानदार वापसी करने वाले तजिंदर के पास स्वर्ण का मौका था, लेकिन आखिरी प्रयास में फाउल के कारण उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा।
मैराथन में 44 साल बाद मेडल
एथलेटिक्स में सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड में रेस पूरी की और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन में भारत को 44 साल बाद मेडल मिला है। इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियाड में भारत ने ब्रॉन्ज जीता था। मैराथन दौड़ 42 किलोमीटर की होती है, जबकि हाफ मैराथन 21.097 किलोमीटर होती है।


-1.jpg&w=3840&q=75)

