Amarnath Bus Accident : अमरनाथ यात्रा बस हादसे में 39 घायल, MP- राजस्थान के श्रद्धालु भी शामिल
Amarnath Bus Accident : इस हादसे में हुए घायलों में मध्य प्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालु शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
Amarnath Bus Accident : अमरनाथ यात्रा पूरी कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस मंगलवार सुबह जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में हादसे का शिकार हो गई। गनीवान इलाके के हरिगनिवान में एस-मोड़ के पास बस सड़क से फिसल गई। हादसे में 39 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में मध्य प्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालु शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
बालटाल से कटरा लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के बाद बालटाल से कटरा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान गनीवान के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक बस एक मकान से टकराकर रुक गई, जिससे वह आगे खाई की ओर जाने से बच गई। हादसे के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
मंदसौर के यात्रियों की भी जानकारी जुटा रहा प्रशासन
हादसे में मध्य प्रदेश के मंदसौर सहित अन्य इलाकों के यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जानकारी में बड़नगर और नीमच जिले के सुवाखेड़ा के यात्रियों के भी घायल होने की बात कही गई है। मंदसौर जिला प्रशासन घायलों से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है और जम्मू-कश्मीर प्रशासन से लगातार संपर्क में है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी हादसे की जानकारी लेकर घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
पुलिस और सुरक्षा बलों ने चलाया रेस्क्यू
हादसे के तुरंत बाद पुलिस, SDRF, CRPF, सेना और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया। घायलों को पहले कंगन के अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आगे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी SKIMS भेजा गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
LG मनोज सिन्हा ने अधिकारियों से ली जानकारी
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गांदरबल के उपायुक्त और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बात कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी घायलों को बेहतर इलाज, समय पर चिकित्सा सुविधा और जरूरी मदद देने के निर्देश दिए। LG ने बताया कि हादसे में घायल 39 श्रद्धालुओं का इलाज SKIMS में किया जा रहा है। उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
परिवारों की बढ़ी चिंता, प्रशासन अलर्ट
हादसे की खबर सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के संबंधित जिलों में भी प्रशासन सक्रिय हो गया है। अधिकारियों की कोशिश है कि घायल यात्रियों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की सही जानकारी परिजनों तक पहुंचाई जाए। फिलहाल किसी यात्री की मौत की सूचना सामने नहीं आई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।