Pachpadra Refinery Fire : राजस्थान। बाड़मेर जिले के बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी में उद्घाटन से एक दिन पहले सोमवार दोपहर करीब 2 बजे CDU (क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट) में अचानक आग लग गई। आग लगने के साथ ही रिफाइनरी परिसर से घना धुआं उठता दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धुआं उठते ही एक्टिव हुआ फायर सेफ्टी सिस्टम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार CDU यूनिट से अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए फायर सेफ्टी सिस्टम चालू कर दिया। शुरुआती स्तर पर सिस्टम के जरिए आग को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, ताकि वह रिफाइनरी के अन्य हिस्सों में न फैल सके।
दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित सभा के लिए तैनात दमकल वाहन भी तुरंत रिफाइनरी परिसर की ओर रवाना कर दिए गए। दमकल कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की।
एहतियात के तौर पर क्षेत्र खाली कराया
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे रिफाइनरी क्षेत्र को तुरंत खाली करा लिया गया। वहां मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिसे राहत की खबर माना जा रहा है।
दो घंटे बाद आग पर पाया गया काबू
रिफाइनरी में करीब दो घंटे तक आग की लपटें उठती रहीं। दावा किया जा रहा है कि दो घंटे बाद आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। आग बुझाने के लिए करीब 10 से 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने एक साथ यूनिट पर पानी डाला, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई।
आसमान में छाया काले धुएं का गुबार
CDU यूनिट में लगी आग के कारण आसमान में काले धुएं का गुबार साफ देखा गया। घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त संसाधन भी तैनात किए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद ही इसके कारणों और हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग को बुझाने और स्थिति को सामान्य करने पर है।
कल प्रस्तावित है प्रधानमंत्री का दौरा
गौरतलब है कि 21 अप्रैल मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करने के लिए बालोतरा आने वाले हैं। इस दौरे को लेकर पहले से ही क्षेत्र में व्यापक तैयारियां और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। आग की इस घटना के बाद सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर प्रशासन की सतर्कता और बढ़ गई है।
सभा स्थल से भी भेजे गए दमकल वाहन
प्रधानमंत्री की सभा की तैयारियों के तहत पहले से तैनात दमकल वाहन भी रिफाइनरी के भीतर भेजे गए। ऐसे में यह घटना उद्घाटन से ठीक पहले एक बड़ी सुरक्षा चुनौती के रूप में देखी जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आईं सामने
पचपदरा रिफाइनरी में आग लगने की घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत (Ashok Gehlot) ने चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि इस खबर से उन्हें चिंता हुई है।
उन्होंने इसे राजस्थानियों के लिए गर्व की परियोजना बताया और कहा कि उद्घाटन से ठीक पहले ऐसी घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही उन्होंने सभी लोगों की सलामती की प्रार्थना की है।
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि सरकार की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने इस घटना की पूरी जांच की मांग की है।