IPL 2026 : स्पोर्ट्स डेस्क। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस खिताबी मुकाबले में आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर ‘चेज मास्टर’ साबित हुए और 42 गेंदों में नाबाद 75 रनों की जादुई पारी खेलकर टीम को चैंपियन बनाया। लेकिन इस शानदार खेल के साथ ही मैदान पर गुजरात के कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली के बीच हुआ एक विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
16वें ओवर में अचानक बढ़ा रोमांच
गुजरात टाइटंस के 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की पारी के 16वें ओवर में भारी ड्रामा देखने को मिला। करोड़ों क्रिकेट फैंस उस वक्त हैरान रह गए जब मैदान पर विराट कोहली और शुभमन गिल आपस में बहस करते दिखे।
दरअसल, विराट कोहली जब 63 रन पर खेल रहे थे, तब उन्होंने गुजरात के गेंदबाज अरशद खान की गेंद पर हवा में एक शॉट खेला। मिड-विकेट पर खड़े शुभमन गिल ने आगे की तरफ डाइव लगाते हुए जमीन के बेहद करीब से गेंद को लपक लिया। गिल और गुजरात के बाकी खिलाड़ियों ने इसे क्लीन कैच मानते हुए तुरंत जश्न मनाना शुरू कर दिया।
IPL 2026 Winner RCB : बेंगलुरु की विराट जीत 20 करोड़ का मिला इनाम, गुजरात को 12.50 करोड़
अंपायर के फैसले से नाखुश दिखे कोहली
दूसरी तरफ, कोहली को इस कैच पर शक था। वह क्रीज पर मौजूद साथी खिलाड़ी जितेश शर्मा के पास गए और पूछा कि क्या गेंद जमीन पर लगी है? इसी बीच फील्ड अंपायर नितिन मेनन ने कोहली को आउट दे दिया। कोहली इस फैसले से बिल्कुल संतुष्ट नहीं दिखाई दिए, जिसके बाद मैदानी अंपायरों ने अंतिम फैसले के लिए थर्ड अंपायर का रुख किया।
थर्ड अंपायर ने जब जाइंट स्क्रीन पर अलग-अलग एंगल से रीप्ले देखा, तो साफ हो गया कि गिल की उंगलियों में फंसने के दौरान गेंद का एक हिस्सा जमीन को छू चुका था। यानी कैच पूरी तरह साफ नहीं था।
नॉट आउट होते ही कोहली का रिएक्शन
पवेलियन की तरफ कदम बढ़ा चुके विराट कोहली जैसे ही नॉट आउट हुए, उन्होंने वापस मुड़कर टीवी स्क्रीन की तरफ इशारा किया और हवा में जोरदार पंच मारकर अपनी खुशी जताई। इसके बाद वह शुभमन गिल के पास गए और उनसे कुछ कहते हुए भी नजर आए, जिससे दोनों के बीच थोड़ी बहस होती दिखी।
लगातार चौथे साल बनाए 600 से ज्यादा रन
विराट कोहली इस मैच में आखिर तक डटे रहे और विनिंग शॉट खेलकर टीम को जीत दिलाई। कोहली का शानदार फॉर्म इस सीजन में भी जारी रहा। पिछले साल उन्होंने आईपीएल में 657 रन बनाए थे, जबकि इस साल उनके बल्ले से 675 रन निकले हैं। यह आईपीएल इतिहास में लगातार चौथा साल है जब कोहली ने एक ही सीजन में 600 से अधिक रन बनाए हैं।
जीत के बाद क्या बोले ‘चेज मास्टर’?
खिताब जीतने के बाद विराट कोहली ने कहा कि मैंने कई बार सपना देखा था कि जब हमारी टीम आईपीएल ट्रॉफी जीते, तो विनिंग हिट मैं लगाऊं। इस मैच के दौरान मैं बहुत शांत था क्योंकि हमारी टीम का माहौल ऐसा है जो आपको भरोसा देता है।
उन्होंने युवाओं की तारीफ करते हुए कहा कि आज के नए खिलाड़ी आपको अपने खेल का स्तर सुधारने के लिए लगातार प्रेरित करते हैं। कोहली ने टीम के गेंदबाजों हेजलवुड, भुवनेश्वर कुमार, रसिख डार और क्रुणाल पंड्या की भी सराहना की और कहा कि इस बेहतरीन टीम का हिस्सा बनकर वह बेहद खुश हैं।