URI GRENADE BLAST: कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में मंगलवार को एक हादसे में सेना के दो जवानों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि कमलकोट स्थित सैन्य शिविर में रूटीन उपकरण हैंडओवर के दौरान एक हैंड ग्रेनेड अचानक फट गया। विस्फोट में दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
तुरंत अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद दोनों जवानों को तुरंत सेना के 92 बेस अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती तौर पर इसे दुर्घटनावश हुआ ब्लास्ट माना जा रहा है।
वहीं, पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए 14 वर्षीय पाकिस्तानी किशोर को सेना ने हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, मेंढर सेक्टर के नागरी टेकरी इलाके में तैनात जवानों ने उसे सीमा पार करने के कुछ ही समय बाद रोक लिया।
पूछताछ पर सुरक्षा एजेंसी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर अनजाने में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) से भारतीय क्षेत्र में पहुंच गया था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद उसे पाकिस्तान वापस भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है।
एक ओर उरी में हुए हादसे ने सेना को बड़ा झटका दिया है, तो दूसरी ओर LoC पर हुई यह घटना सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और जांच का विषय बनी हुई है।