MP RAJYA SABHA ELECTION: भोपाल। मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट को लेकर सियासी घमासान लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद पार्टी ने इस फैसले को चुनौती देते हुए सीधे चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया है।
बुधवार को कांग्रेस के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

नामांकन खारिज करने का आधार गलत
कांग्रेस नेता और वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन जिस आधार पर खारिज किया गया, वह पूरी तरह गलत है। उनका कहना है कि उम्मीदवार के खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं था, इसलिए छिपाने जैसी कोई जानकारी थी ही नहीं। उन्होंने आयोग से फैसले की समीक्षा कर नामांकन बहाल करने की मांग की।
सिंघवी ने कहा कि चुनाव आयोग के पास अपने फैसले पर पुनर्विचार करने और गलती सुधारने का अधिकार है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और समान अवसर के सिद्धांत से जुड़ा मामला बताते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की।
वहीं, मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया कि चुनाव आयोग ने दो घंटे के भीतर इस मामले पर फैसला लेने का आश्वासन दिया है।

भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी
भोपाल में भी कांग्रेस का विरोध जारी है, पार्टी कार्यकर्ता और नेता सामूहिक उपवास पर बैठे हैं। आज 10 जून को कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय पहुंचे, लेकिन गेट बंद मिलने पर उन्होंने विरोध जताते हुए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
SUSHMITA DEV RESIGNATION: तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका, राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने दिया इस्तीफा
गौरतलब है कि 9 जून को चुनाव अधिकारियों ने हलफनामे में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज कर दिया था। भाजपा का आरोप है कि उन्होंने हैदराबाद की एक अदालत में लंबित मामले की जानकारी शपथ पत्र में नहीं दी, जबकि कांग्रेस इसे पूरी तरह राजनीतिक और गैर-कानूनी कार्रवाई बता रही है।