Tamil Nadu New CM : चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें हासिल की हैं। पार्टी राज्य में सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है, लेकिन बहुमत के आंकड़े से अभी भी दूर है। सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों की जरूरत है। विजय दो सीटों से जीते हैं, इसलिए एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी के पास 107 विधायक ही बचेंगे। ऐसे में राज्य की राजनीति में सस्पेंस और भी बढ़ गया है।
गठबंधन की राजनीति तेज हुई
सरकार बनाने के लिए TVK ने अन्य दलों से बातचीत तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा VCK, CPI और CPM जैसे छोटे दलों से भी संपर्क जारी है। इन दलों के पास भले कम सीटें हों, लेकिन मौजूदा स्थिति में उनकी भूमिका बेहद अहम हो गई है।
Thalapathy Vijay : तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव! ‘थलापति’ विजय ने तोड़ा 60 साल पुराना समीकरण
कांग्रेस बदल सकती है समीकरण
विजय ने अपनी कोर कमेटी के साथ लंबी बैठक कर रणनीति तैयार की है। खबर है कि कांग्रेस के साथ गठबंधन लगभग तय है और मंत्रालयों को लेकर भी बातचीत चल रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी पहले से ही विजय के साथ आने के पक्ष में थी। अगर यह गठबंधन पक्का होता है, तो सरकार बनाने का रास्ता काफी आसान हो सकता है।
AIADMK में टूट का खेल
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि TVK, AIADMK के कुछ विधायकों से संपर्क में है। अगर कुछ विधायक पार्टी छोड़ते हैं, तो सत्ता का संतुलन तेजी से बदल सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि AIADMK के साथ गठबंधन या टूट, दोनों ही स्थिति में विजय को फायदा मिल सकता है।
DMK से दूरी बरकरार
DMK ने साफ कर दिया है कि वह विजय की पार्टी को समर्थन नहीं देगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि उन्हें विपक्ष में बैठने का जनादेश मिला है। इसके अलावा विजय का पूरा चुनाव प्रचार DMK सरकार के खिलाफ रहा है, जिससे दोनों के बीच भरोसे की कमी साफ नजर आती है।
फ्लोर टेस्ट में पलट सकता है खेल
सरकार बनाने के लिए विधानसभा में बहुमत साबित करना जरूरी होगा। अगर फ्लोर टेस्ट के दौरान कुछ विधायक अनुपस्थित रहते हैं, तो बहुमत का आंकड़ा कम हो सकता है। इससे विजय के लिए सरकार बनाना आसान हो जाएगा। हालांकि, अगर सभी पार्टियां अपने विधायकों को मौजूद रहने का निर्देश देती हैं, तो स्थिति मुश्किल हो सकती है।
TN TVK Victory : ओमान से आए फैन ने जिताया TVK को चुनाव, तमिलनाडु में ऐसे हुआ खेला
गवर्नर के फैसले पर टिकी नजरें
राज्यपाल के पास दो विकल्प हैं। पहला, विजय से बहुमत का समर्थन पत्र मांगना। दूसरा, बिना समर्थन पत्र के उन्हें शपथ दिलाकर बाद में बहुमत साबित करने का मौका देना। दोनों ही फैसले राज्य की राजनीति की दिशा तय करेंगे।
कौन हैं थलपति विजय
थलपति विजय, कॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और राजनेता, जिनका असली नाम जोसफ विजय चंद्रशेखर है। वर्तमान में 51 साल के विजय का घर चेन्नई, तमिलनाडु है।
थलपति विजय ने 1985 में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में फिल्मों में काम करना शुरू किया था। 1992 में मात्र 18 साल की उम्र में फिल्म ‘नालैया थीरपू’ से उन्होंने बतौर लीड एक्टर अपनी एक्टिंग डेब्यू की। उनकी कुछ बेहतरीन फिल्मों में मास्टर, बीस्ट, वारिसु, द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम (GOAT) और लियो शामिल हैं।
2 फरवरी 2024 को विजय ने अपनी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलागा वेट्री कड़गम’ की घोषणा की। 2025 में उन्होंने 33 साल लंबे सफल फिल्मी करियर के बाद अभिनय से संन्यास ले लिया। इसके बाद 23 फरवरी 2026 को वेल्लोर रैली में उन्होंने पहली बार तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
पर्सनल लाइफ :
विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर एक प्रसिद्ध फिल्म डायरेक्टर हैं, जबकि उनकी मां शोभा चंद्रशेखर एक सिंगर हैं। विजय अपनी पत्नी संगीता सोरेनालिंगम से तलाक की खबरों को लेकर लगातार चर्चाओं में रहे हैं।