Ratlam Cow Head Found : मध्यप्रदेश। रतलाम के सैलाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक पशु के कटे हुए अवशेष मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर स्थित चरण पेट्रोल पंप के पास, एक नर्सिंग कॉलेज के आगे सड़क किनारे पथरीले क्षेत्र में सामने आई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को भी दी गई, जिसके बाद अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
अलग-अलग स्थानों पर मिले अवशेष
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल के आसपास पशु के शरीर के विभिन्न हिस्से बिखरे हुए मिले। देर रात इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए, जिनमें अवशेष अलग-अलग स्थानों पर दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सैलाना एसडीएम तरुण जैन, तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी पिंकी आकाश सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने देर रात तक घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत बनाए रखने का प्रयास किया। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल भी तैनात किया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे कार्यकर्ता
घटना के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ता देर रात से लेकर सुबह लगभग 5 बजे तक सड़क पर बैठे रहे और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते रहे।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
दो दिन का अल्टीमेटम देकर समाप्त किया धरना
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। बताया गया कि संबंधित संगठनों ने प्रशासन को दो दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अल्टीमेटम दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।