New Army Chief : नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने भारतीय सेना के अगले प्रमुख के नाम का ऐलान कर दिया है। वर्तमान में उप सेना प्रमुख के पद पर तैनात लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को नया सेना प्रमुख नियुक्त किया गया है। वे 30 जून के बाद मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का स्थान लेंगे।
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 30 जून 2024 को सेना प्रमुख का पद संभाला था। उनका कार्यकाल 30 जून को पूरा हो रहा है, जिसके बाद सेना की कमान लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ के हाथों में होगी।
करीब 40 साल का सैन्य अनुभव
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। लगभग चार दशक लंबे करियर में उन्होंने ऑपरेशनल, रणनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। सेना की विभिन्न इकाइयों का नेतृत्व करने के साथ-साथ उन्होंने कई अहम पदों पर भी काम किया है।
कई अहम कमांड की संभाली जिम्मेदारी
अपने सैन्य करियर के दौरान उन्होंने रेगिस्तानी क्षेत्र में एक आर्मर्ड रेजिमेंट, पश्चिमी क्षेत्र में आर्मर्ड ब्रिगेड और जम्मू-कश्मीर में काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स की कमान संभाली है। इसके अलावा सेना के प्रमुख स्ट्राइक फॉर्मेशन ‘सुदर्शन चक्र कोर’ का नेतृत्व भी किया है।
दो बड़ी ऑपरेशनल कमांड का नेतृत्व
लेफ्टिनेंट जनरल सेठ की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक यह है कि उन्होंने सेना की दो प्रमुख ऑपरेशनल कमांड—साउथ वेस्टर्न कमांड और सदर्न कमांड- की कमान संभाली है। इन जिम्मेदारियों के दौरान उन्होंने रणनीतिक योजनाओं और सैन्य तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव
धीरज सेठ ने सेना मुख्यालय में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। इसके अलावा वे अंगोला में संयुक्त राष्ट्र मिशन के साथ भी सेवाएं दे चुके हैं। सैन्य संचालन, फोर्स मैनेजमेंट और क्षमता विकास के क्षेत्र में उनका अनुभव उन्हें इस पद के लिए मजबूत दावेदार बनाता है।
30 जून के बाद संभालेंगे सेना की कमान
केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के नए प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। ऐसे समय में जब सेना आधुनिकीकरण और सुरक्षा चुनौतियों के बीच अहम भूमिका निभा रही है, उनकी नियुक्ति को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।