HIGHLIGHTS:
- NEET पेपर लीक में दूसरी मास्टरमाइंड गिरफ्तार
- NTA की एक्सपर्ट थी आरोपी महिला लेक्चरर
- छात्रों को पहले ही नोट करवाए गए सवाल
- CBI ने कई शहरों में की छापेमारी
- अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
NEET PAPER LEAK MASTERMIND: नई दिल्ली। NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरी कथित मास्टरमाइंड मनीषा गुरुनाथ मंधारे को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। मनीषा पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर हैं और उन्हें NTA ने परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त किया था। बता दें कि जांच एजेंसी के मुताबिक, उन्हें बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्नपत्रों तक पूरी पहुंच हासिल थी।
कोचिंग के बहाने छात्रों को नोट करवाए सवाल
जांच में सामने आया कि अप्रैल 2026 के दौरान मनीषा ने पुणे में अपने घर पर विशेष कोचिंग क्लासेस आयोजित की थीं। इन क्लासेस में छात्रों को कई सवाल समझाए गए और उन्हें नोटबुक में लिखने के लिए कहा गया। CBI के अनुसार, इनमें से ज्यादातर सवाल 3 मई 2026 को हुई NEET UG परीक्षा के असली प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए। इस पूरे नेटवर्क में मनीषा वाघमारे के जरिए संभावित उम्मीदवारों को जुटाया गया था।
NTA में एक्सपर्ट के तौर पर थी तैनात
CBI का कहना है कि मनीषा परीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा थीं और उनकी भूमिका बेहद अहम थी। इससे पहले PV कुलकर्णी की गिरफ्तारी हुई थी और अब मनीषा को दूसरा बड़ा मास्टरमाइंड माना जा रहा है। एजेंसी लगातार इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
पिछले 24 घंटों में CBI ने दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहल्यानगर समेत 6 जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और कई अहम रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। अब तक इस मामले में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कई आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य को ट्रांजिट रिमांड के बाद दिल्ली लाया गया है।