MP Heatwave Alert : भोपाल। मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है और तापमान लगातार नए रिकॉर्ड छू रहा है। छतरपुर के खजुराहो में पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। प्रदेश के 9 शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
16 जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में हीट वेव की चेतावनी दी गई है, उनमें अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, धार, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना शामिल हैं। इन इलाकों में लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में स्कूल टाइमिंग में बदलाव
भीषण गर्मी को देखते हुए 12 जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। राजधानी भोपाल में अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही संचालित होंगे।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने यह आदेश जारी किया है। इसके अलावा नर्मदापुरम, ग्वालियर, बालाघाट, मैहर, रतलाम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रायसेन, डिंडौरी, अनूपपुर और उमरिया में भी नई समय सारिणी लागू की गई है।
कितना रहा तापमान
शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। उमरिया में 42.9 डिग्री, टीकमगढ़-नौगांव में 42.8 डिग्री, नौगांव में 42.6 डिग्री, मंडला में 42.5 डिग्री, दमोह, गुना और दतिया में 42.2 डिग्री तापमान रहा।
Weather Update : गर्मी के बीच राजस्थान में ओले गिरे, यूपी में पारा 44°C पार; MP-CG में लू का अलर्ट
इसके अलावा सागर और सतना में 41.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 41.6 डिग्री, नर्मदापुरम और शाजापुर में 41.4 डिग्री तथा सीधी, नरसिंहपुर, रीवा और मलाजखंड में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में तापमान 42 डिग्री रहा, जबकि भोपाल और ग्वालियर में 41.3 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 40.5 डिग्री दर्ज किया गया। कई इलाकों में लू के थपेड़े भी महसूस किए गए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
मौसम विभाग की एडवायजरी जारी
गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए मौसम विभाग ने एडवायजरी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अधिक से अधिक पानी पिएं, दोपहर में धूप से बचें और हल्के व सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।
गौरतलब है कि अप्रैल की शुरुआत में प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ था। 1 से 9 अप्रैल के बीच कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। करीब 45 जिलों में बारिश दर्ज की गई थी और 15 से ज्यादा जिलों में ओले गिरे थे। हालांकि अब अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।