MP Census 2027 : भोपाल। मध्य प्रदेश में जनगणना 2027 का पहला चरण गुरुवार से शुरू हो गया है। इस चरण में अगले 45 दिनों तक प्रदेशभर में मकानों और उनमें रहने वाले परिवारों की गणना की जाएगी। सरकार ने इस बार आम नागरिकों को भी स्व-गणना (सेल्फ एनुमरेशन) का विकल्प दिया है, जिससे लोग खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
ऑनलाइन भर सकते हैं फॉर्म
पहले 15 दिनों यानी 16 से 30 अप्रैल तक आमजन ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए सेल्फ एनुमरेशन पोर्टल https://se.census.gov.in गुरुवार सुबह 6 बजे से सक्रिय हो गया है। यह पोर्टल रोज सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक खुला रहेगा। कोई भी नागरिक इस पोर्टल के माध्यम से 15 से 20 मिनट में अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है।
33 सवालों के देने होंगे जवाब
ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान नागरिकों को कुल 33 सवालों के जवाब देने होंगे। इन सवालों में मकान की स्थिति जैसे दीवार, छत और फर्श के साथ-साथ पानी, बिजली, शौचालय, गैस, टीवी, मोबाइल, वाहन और अनाज जैसी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी शामिल होगी।
फॉर्म भरने के बाद एक प्रिव्यू फाइल तैयार होगी, जिसे जांचने के बाद सबमिट करने पर 11 अंकों की SE ID (H से शुरू) मिलेगी। यह आईडी SMS और ईमेल पर भी प्राप्त होगी।
स्व-गणना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि जब प्रगणक घर पर आएंगे, तो केवल SE ID दिखाने पर ही जानकारी का सत्यापन हो जाएगा और दोबारा पूरी जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, यदि कोई गलती रह जाती है तो उसे प्रगणक के माध्यम से ही सुधारा जा सकेगा।
मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर जरूरी
ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर जरूरी होगा। पंजीकरण के बाद नाम और भाषा में बदलाव नहीं किया जा सकेगा और एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही परिवार का रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा।
इसके अलावा सही लोकेशन दर्ज करने के लिए जिला और पिनकोड डालकर डिजिटल मैप पर अपने घर को मार्क करना होगा।
1 मई से डोर-टू-डोर सर्वे शुरू
1 मई से जनगणनाकर्मी डोर-टू-डोर सर्वे शुरू करेंगे, जो 30 मई तक चलेगा। इस दौरान वे घर-घर जाकर ऑनलाइन भरी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे और जिन लोगों ने स्व-गणना नहीं की है, उनसे सीधे जानकारी जुटाएंगे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समय पर और सही जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना का कार्य बिना किसी परेशानी के पूरा हो सके।