IPL Trade 2027 Price : स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के दो बड़े भारतीय खिलाड़ियों की टीम बदल गई है। ऋषभ पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में नजर आएंगे, जबकि स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलेंगे। दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच हुए ट्रेड के बाद यह बदलाव तय हुआ है।
दिल्ली लौटे ऋषभ पंत
आईपीएल 2025 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि अब ट्रेड के जरिए वह अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में लौट आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली के साथ उनका नया अनुबंध 15 करोड़ रुपये का है।
नौ सीजन तक रहे दिल्ली का हिस्सा
पंत का दिल्ली कैपिटल्स के साथ पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है। उन्होंने 2016 से 2024 तक टीम के लिए खेलते हुए खुद को फ्रेंचाइजी के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल किया। इस दौरान उन्होंने 100 से ज्यादा मुकाबले खेले और कई मैचों में टीम की कप्तानी भी संभाली।
कप्तानी छोड़ने के बाद बदला समीकरण
लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ने के बाद पंत के भविष्य को लेकर चर्चा चल रही थी। अब ट्रेड के जरिए उनकी दिल्ली वापसी ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
कुलदीप यादव पहुंचे लखनऊ
इस ट्रेड में दिल्ली के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ गए हैं। कुलदीप पिछले पांच सीजन से दिल्ली कैपिटल्स का अहम हिस्सा थे और उन्होंने अपनी गेंदबाजी से कई मैचों में टीम को जीत दिलाई।
दिल्ली के लिए रहा शानदार प्रदर्शन
साल 2022 में दिल्ली से जुड़ने के बाद कुलदीप यादव ने 65 मैचों में 72 विकेट हासिल किए। उनकी शानदार फॉर्म ने उन्हें टीम का भरोसेमंद गेंदबाज बना दिया था।
कुलदीप के लिए भी खास है यह बदलाव
उत्तर प्रदेश से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले कुलदीप के लिए लखनऊ की टीम से जुड़ना किसी घर वापसी से कम नहीं माना जा रहा है। वहीं पंत भी अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत से जुड़ी फ्रेंचाइजी में लौटकर नई शुरुआत करेंगे।
अब अगले सीजन पर रहेंगी निगाहें
इस बड़े ट्रेड के बाद अब आईपीएल के अगले सीजन में दोनों खिलाड़ियों पर खास नजर रहेगी। दिल्ली को पंत से फिर बड़ी उम्मीदें होंगी, जबकि लखनऊ कुलदीप की फिरकी के दम पर अपनी गेंदबाजी को और मजबूत बनाने की कोशिश करेगा।
