Indore Fire : मध्य प्रदेश। इंदौर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लसूड़िया क्षेत्र के खालसा चौक के पास स्थित एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में धुआं फैल गया और ऊपर की मंजिलों पर रहने वाले लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। जिस इमारत में शोरूम संचालित हो रहा था, उसकी ऊपरी मंजिलों पर कई परिवार रहते हैं। घटना के समय अधिकांश लोग सो रहे थे, लेकिन धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी होने पर उनकी नींद खुली और उन्हें नीचे आग लगने की जानकारी मिली।
सीढ़ियां आग की चपेट में आईं, लोग ऊपर फंस गए
आग शोरूम के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी, जबकि बाहर निकलने का मुख्य रास्ता और सीढ़ियां उसी हिस्से के पास थीं। आग और धुएं के कारण सीढ़ियां पूरी तरह प्रभावित हो गईं, जिससे ऊपरी मंजिलों पर मौजूद करीब छह परिवारों के 20 लोग बाहर नहीं निकल सके।
हालात बिगड़ते देख लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई। आसपास रहने वाले पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की सतर्कता और सूझबूझ ने एक बड़ा हादसा टालने में अहम भूमिका निभाई।
Annamalai Resignation : तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई ने छोड़ी पार्टी, इस्तीफा मंजूर
पड़ोसियों ने दिखाई बहादुरी, छत से बनाया रास्ता
बगल की मल्टीस्टोरी इमारत में रहने वाले लोगों ने फंसे हुए परिवारों को बचाने के लिए सीढ़ियों और रस्सियों का इंतजाम किया। दोनों इमारतों की छतों के बीच सीढ़ियां जोड़कर अस्थायी रास्ता बनाया गया। इसके बाद लोगों को छत पर आने के लिए कहा गया।
कई लोग इस रास्ते से सुरक्षित दूसरी इमारत तक पहुंचे, जबकि कुछ लोगों को रस्सियों के सहारे नीचे उतारा गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में सहयोग किया। सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
शोरूम में रखा पूरा स्टॉक जलकर खाक
राहत की बात यह रही कि आग ऊपर बने फ्लैटों तक नहीं पहुंची और घरों में रखा सामान सुरक्षित बच गया। हालांकि शोरूम में मौजूद इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का पूरा स्टॉक आग की चपेट में आ गया।
आग की लपटों ने कुछ ही देर में वाहनों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि अंतिम कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। करीब एक घंटे तक चले राहत और बचाव अभियान के बाद दो टैंकर पानी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।