Aayudh

Categories

Annamalai Resignation : तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई ने छोड़ी पार्टी, इस्तीफा मंजूर

K. Annamalai

Annamalai Resignation : चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई (K. Annamalai) का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। पार्टी की ओर से यह जानकारी उस समय साझा की गई, जब अन्नामलाई अपने समर्थकों को सोशल मीडिया के माध्यम से संबोधित करने की तैयारी कर रहे थे।

बीजेपी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि पार्टी अध्यक्ष नितिन नविन (Nitin Navin) ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। अन्नामलाई ने कुछ दिन पहले ही अपना इस्तीफा सौंपा था, हालांकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से मुलाकात के बाद इस पर फैसला टलने की चर्चा भी सामने आई थी।

राज्यसभा टिकट नहीं मिलने के बाद बढ़ीं चर्चाएं

राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची में नाम नहीं आने के बाद अन्नामलाई कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। उन्हें आंध्र प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन अंतिम समय में बीजेपी ने अपने सहयोगी दल को सीट दे दी।

बताया जा रहा है कि अन्नामलाई खुद राज्यसभा की राजनीति में जाने के पक्ष में नहीं थे। वह तमिलनाडु की राजनीति में अधिक सक्रिय और प्रभावशाली भूमिका चाहते थे। यही वजह है कि उनके अगले कदम को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

Rajya Sabha Election 2026 : राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर कांग्रेस में बढ़ी नाराजगी, मीनाक्षी नटराजन के नाम पर उठे सवाल

पार्टी के भीतर मुद्दों को लेकर जताई थी नाराजगी

सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई ने अपने इस्तीफे में पार्टी संगठन से जुड़े कई मुद्दों का उल्लेख किया था। उन्होंने तमिलनाडु में खुद को धीरे-धीरे हाशिए पर किए जाने की बात उठाई थी। इसके अलावा विधानसभा चुनावों से पहले AIADMK के साथ गठबंधन के बाद पार्टी के वोट शेयर में गिरावट और संगठनात्मक चुनौतियों पर भी चिंता व्यक्त की थी। माना जा रहा है कि इन मुद्दों को लेकर उनकी नाराजगी काफी समय से बढ़ रही थी।

आईपीएस अधिकारी से बने लोकप्रिय राजनीतिक चेहरा

तमिलनाडु के करूर जिले से आने वाले अन्नामलाई का राजनीतिक सफर काफी चर्चित रहा है। वर्ष 2011 में उन्होंने आईपीएस अधिकारी के रूप में सेवा शुरू की थी। वर्ष 2019 में उन्होंने नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखा और 2020 में बीजेपी में शामिल हुए।

पार्टी ने उन्हें पहले प्रदेश उपाध्यक्ष और बाद में तमिलनाडु इकाई का अध्यक्ष बनाया। उनकी आक्रामक राजनीतिक शैली और जनसंपर्क के कारण उन्हें ‘साउथ का सिंघम’ भी कहा जाता है। उन्होंने इंजीनियरिंग के बाद प्रबंधन की पढ़ाई भी की और युवा नेताओं में अपनी अलग पहचान बनाई।

Noida Fire : नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में भीषण आग, 12वीं मंजिल से उठीं लपटें कई फ्लैटों में फैली

तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा

अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद तमिलनाडु बीजेपी में नए राजनीतिक समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके इस कदम का असर पार्टी संगठन और आगामी चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है।

साथ ही यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि वह भविष्य में तमिलनाडु केंद्रित नई राजनीतिक भूमिका या मंच के साथ आगे बढ़ सकते हैं। हालांकि इस संबंध में अन्नामलाई की ओर से अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *