HIGHLIGHTS:
- इंदौर में कार के अंदर दम घुटने से बच्ची की मौत
- 43 डिग्री गर्मी में दो घंटे तक कार में फंसी रही मासूम
- खेलते-खेलते कार में जाकर बैठी थी बच्ची
- अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
- पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

Indor Girl Child Death: इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र की नंदनवन कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां 4 साल की मासूम बच्ची खेलते-खेलते घर के बाहर खड़ी कार में जाकर बैठ गई। बताया जा रहा है कि बच्ची सीटों के बीच छिपकर खेल रही थी, तभी अचानक कार लॉक हो गई और वह अंदर ही फंस गई। परिवार को लगा कि बच्ची आसपास ही खेल रही होगी, इसलिए किसी को तुरंत शक नहीं हुआ।
भीषण गर्मी में कार बनी जानलेवा
रविवार को इंदौर में तापमान करीब 43 डिग्री दर्ज किया गया था। तेज गर्मी के कारण बंद कार कुछ ही मिनटों में भट्टी जैसी गर्म हो गई। बच्ची करीब दो घंटे तक कार के अंदर फंसी रही। लगातार बढ़ती गर्मी और ऑक्सीजन की कमी के कारण उसका दम घुटने लगा। उधर परिवार और आसपास के लोग बच्ची को कॉलोनी, गलियों और रिश्तेदारों के यहां तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।
Petrol Price Hike: 5 दिन में दूसरी बार बढ़े ईंधन के दाम, पेट्रोल-डीजल 90-90 पैसे महंगे
कार खुलते ही मचा हड़कंप
करीब दो घंटे बाद किसी ने आशंका जताई कि बच्ची कार के अंदर हो सकती है। जब परिजनों ने कार का दरवाजा खोला तो बच्ची बेसुध हालत में मिली। परिवार तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता शहर के बड़े लोहा व्यापारी हैं और हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है।