Maniesh Paul Mother Death: टीवी के मशहूर होस्ट और एक्टर मनीष पॉल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां उर्मिल पॉल का निधन हो गया है। इस दुखद खबर की जानकारी खुद मनीष ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करके दी। मां को याद करते हुए उन्होंने लिखा कि उनके जाने के बाद दुनिया पहले से ज्यादा खामोश और खाली लग रही है।
भावुक पोस्ट में मां को किया याद
मनीष पॉल ने बताया कि बुधवार सुबह उन्होंने अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा हमेशा के लिए खो दिया। उन्होंने लिखा कि उनकी मां सिर्फ मां नहीं थीं, बल्कि उनकी पूरी दुनिया और सबसे बड़ा सहारा थीं। मनीष ने कहा कि शब्दों में यह बताना मुश्किल है कि उनकी मां उनके लिए कितनी खास थीं।
‘आपका प्यार हमेशा मेरे साथ रहेगा’
अपने पोस्ट में मनीष ने लिखा कि उनकी मां ने उन्हें प्यार करना, हिम्मत से जीना और अच्छे इंसान बनना सिखाया। उन्होंने कहा कि मां की यही बातें हमेशा उनके साथ रहेंगी। पोस्ट के आखिर में मनीष ने मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि अब उनकी मां सुकून में होंगी। उन्होंने कहा कि एक दिन फिर उनसे मुलाकात होगी और तब तक उनका प्यार हमेशा उनके साथ रहेगा।
सेलेब्स ने जताया दुख
मनीष पॉल की पोस्ट सामने आते ही फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और इस दुख की घड़ी में हिम्मत रखने की बात कही। अभिनेता वरुण धवन, मौनी रॉय , क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव और एक्टर रोहित सराफ ने भी सोशल मीडिया के पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने मनीष और उनके परिवार के लिए भावुक संदेश लिखा।
कई सितारों ने दी श्रद्धांजलि
मनीष पॉल की मां के निधन पर करण वाही, युविका चौधरी, गौहर खान, विशाल ददलानी, मलाइका अरोड़ा, सौंदर्या शर्मा, ईशा गुप्ता और आरती सिंह समेत कई फिल्म और टीवी सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए शोक व्यक्त किया और उर्मिल पॉल को श्रद्धांजलि दी।