BAT-BMS App Blocked: देशभर में ई-रिक्शा चालकों को परेशान करने वाले दो चाइनीज मोबाइल ऐप पर केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकार के निर्देश पर इन ऐप्स को गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर से हटा दिया गया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए थे, जिनमें सड़क पर चलते ई-रिक्शा को मोबाइल ऐप के जरिए अचानक बंद किया जा रहा था। मामला सामने आने के बाद सरकार ने तत्काल कार्रवाई की।
BAT-BMS ऐप से रिमोटली बंद हो रहे थे ई-रिक्शा
जानकारी के मुताबिक, BAT-BMS नाम का एक चाइनीज ऐप ब्लूटूथ के जरिए ई-रिक्शा की लिथियम बैटरी से कनेक्ट होकर उसे रिमोटली कंट्रोल कर रहा था। इससे चलते हुए ई-रिक्शा अचानक बंद हो जाते थे, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा हो रहा था। यह ऐप मूल रूप से बैटरी मॉनिटरिंग के लिए बनाया गया था, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल किया जा रहा था।
Bhopal News: फायर सेफ्टी में बड़ी लापरवाही, 2 बड़े कोचिंग सेंटर हुए सील ! जानिए पूरा मामला
ऐसे करता था बैटरी को कंट्रोल
कई ई-रिक्शा में ब्लूटूथ आधारित बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) लगा होता है। यदि यह सिस्टम पासवर्ड से सुरक्षित नहीं होता, तो कोई भी व्यक्ति मोबाइल ऐप के जरिए उससे कनेक्ट हो सकता है। इसके बाद बैटरी का डिस्चार्ज फंक्शन बंद करते ही मोटर को बिजली मिलनी रुक जाती है और ई-रिक्शा बीच सड़क पर ही बंद हो जाता है।
दूसरे इलेक्ट्रिक वाहन भी हो सकते हैं प्रभावित
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह समस्या सिर्फ ई-रिक्शा तक सीमित नहीं है। जिन इलेक्ट्रिक वाहनों में इसी तरह का असुरक्षित ब्लूटूथ BMS लगा है, उन्हें भी ऐसे ऐप के जरिए प्रभावित किया जा सकता है। हालांकि, जिन बैटरियों का सिस्टम पासवर्ड से सुरक्षित है या जो कंपनी के आधिकारिक ऐप से संचालित होती हैं, उन पर इसका असर नहीं पड़ता।
सरकार ने ऐप स्टोर्स को दिए सख्त निर्देश
केंद्र सरकार ने गूगल और ऐपल को इन ऐप्स को हटाने के निर्देश देने के साथ यह भी कहा है कि भविष्य में ऐसे नुकसान पहुंचाने वाले ऐप्स को प्लेटफॉर्म पर जगह न मिले। सरकार अब इस तरह के मामलों पर नजर बनाए हुए है, ताकि इलेक्ट्रिक वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।