MP Teacher Award 2026: शिक्षक दिवस पर 33 शिक्षकों का सम्मान आज, राज्यपाल-CM रहेंगे मौजूद
टीचर्स डे हर साल 5 सितंबर को पूर्व राष्ट्रपति और शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है।

MP News: शिक्षक दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। राजधानी भोपाल में 5 सितंबर यानी कि आज प्रदेश के 33 सरकारी शिक्षकों को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से नवाजा जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। यह आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से किया जा रहा है। समारोह में उन शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने स्कूलों में बेहतर शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
25 हजार की राशि के साथ प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा
मध्यप्रदेश के 33 शिक्षकों को आज सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्राथमिक श्रेणी के 18 और माध्यमिक श्रेणी के 15 शिक्षक शामिल हैं। पुरस्कार के तहत चयनित शिक्षकों को 25 हजार रुपये की सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति पत्र, शॉल और श्रीफल प्रदान किया जाएगा।
इस सम्मान का उद्देश्य शिक्षकों के कार्य को प्रोत्साहित करने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रयासों को सामने लाना है। समारोह में पिछले वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार हासिल करने वाले मध्य प्रदेश के दो शिक्षकों का भी विशेष अभिनंदन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित इन शिक्षकों को भी कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
5 सितंबर को हर साल मनाया जाता है टीचर्स डे
टीचर्स डे हर साल 5 सितंबर को पूर्व राष्ट्रपति और शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है।
मध्य प्रदेश में आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम ऐसे शिक्षकों को पहचान देने का अवसर है, जो लगातार अपने दायित्वों से आगे बढ़कर विद्यार्थियों और स्कूल व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश कर रहे हैं।