'बिट्टू हमारा छोटा बिट्टू...पवित्र काम किया', अजनार नदी साफ करने पर CM मोहन यादव ने दी शाबाशी
इसके पहले कई बड़ी हस्तियां भी बिट्टू के इस काम की सराहना कर चुकी हैं। बड़े उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी बिट्टू के इस काम के लिए सैल्यूट किया था।
MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में अजनार नदी की सफाई करने वाले 21 साल के सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू तबाही की हर तरफ तारीफ हो रही है। वहीं अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद बिट्टू और उसके साथियों को सीएम आवास बुलाकर शाबाशी दी है। मुख्यमंत्री ने इसको लेकर इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी की है। जिसमें वो बिट्टू और उसके दोस्तों को बधाई देते नजर आ रहे हैं। सीएम ने कहा कि ये सिर्फ एक नदी की सफाई नहीं, बल्कि ये समाज को विश्वास दिलाती है कि भीड़ नहीं बल्कि एक सच्ची पहल ही काफी होती है।
'यह सिर्फ अभियान नहीं हर युवा का संकल्प बने'
सीएम डॉ. मोहन यादव ने बिट्टू और और उसके साथियों से मुलाकात का एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। अपनी पोस्ट में सीएम ने लिखा, 'बिट्टू, आपने सिर्फ अजनार नदी की सफाई नहीं की, बल्कि समाज को यह विश्वास भी दिलाया है कि बदलाव के लिए भीड़ नहीं, एक सच्ची पहल ही काफी होती है। आपकी इस पहल ने एक बड़ा सवाल हमारे सामने रखा है कि जब एक युवा अकेले नदी बचाने का संकल्प ले सकता है, तो हम सब मिलकर अपने जलस्रोतों को कितना सुंदर और जीवंत बना सकते हैं।
मध्यप्रदेश सरकार के ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का मूल भाव भी यही है - जल स्रोतों का संरक्षण, उनका पुनर्जीवन और जनभागीदारी। आपकी यह पहल इसी भावना की सशक्त मिसाल है। अब अजनार की यह शुरुआत सिर्फ बिट्टू का अभियान नहीं, बल्कि ब्यावरा और मध्यप्रदेश के हर युवा के संकल्प की पहचान बने। आइए, मिलकर जल बचाएं, नदियां बचाएं और आने वाली पीढ़ियों का कल सुरक्षित बनाएं। जल है तो जीवन है, जल बचेगा तो कल बचेगा।'
https://www.instagram.com/reel/Dc5AAFKM2Vl/?utm_source=ig_web_button_share_sheet
'बिट्टू हमारा छोटा बिट्टू... पवित्र काम किया'
अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से सीएम मोहन यादव ने एक वीडियो शेयर किया है। इसमें सीएम मोहन यादव बिट्टू की पीठ थपथपाते हुए कहते दिखाई दे रहे हैं, 'बिट्टू हमारा छोटा बिट्टू...पवित्र काम किया। अच्छा लगा। बिट्टू और उसकी टीम। हमारे लिए जल ही जीवन है, उसकी महत्ता के लिए काम करना चाहिए। जल संरक्षण पर काम करते हुए लगातार 3 साल हो गए। कुएं, बांवड़ी और तालाब पर हम लगातार काम कर रहे हैं।'
'मैंने भी शुरुआत की आप भी शुरुआत करें'
वहीं वीडियो में बिट्टू ने भी लोगों से आसपास सफाई करने की अपील की है। बिट्टू ने कहा, 'मैं आप सभी को एक बात कहना चाहूंगा, जिस तरह से हम अपने घर को साफ करते हैं, उसी तरह से अपने आसपास के पर्यावरण को साफ रखें। मैंने भी शुरुआत की है। आप भी शुरुआत करें। अगर आसपास गंदगी दिखे तो उसकी सफाई के लिए आगे आएं।'
स्थानीय लोगों ने बिट्टू के दावे पर उठाए थे सवाल
वहीं इसके पहले बिट्टू के अकेले नदी साफ करने के दावे पर कुछ स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए थे। अजनार बचाओ समिति के एक सदस्य ने खुद को बिट्टू का टीचर बताते हुए कहा था कि बिट्टू इस तरह के काम में लगा है, ये अच्छी बात है। लेकिन बिट्टू ने अकेले नदी को साफ नहीं किया है। इसके लिए समिति के अलावा स्थानीय लोग और समाज के हर वर्ग के लोग लगातार काम कर रहे हैं। पिछले 6 सालों से लगातार नदी की सफाई के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस तरह अकेले श्रेय लेना, सैकड़ों लोगों का अपमान है।
बता दें इसके पहले कई बड़ी हस्तियां भी बिट्टू के इस काम की सराहना कर चुकी हैं। बड़े उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी बिट्टू के इस काम के लिए सैल्यूट किया था।