जबलपुर के ग्वारीघाट में होमगार्ड की नाव डूबी, बाल-बाल बची जान; सभी जवानों ने पहनी थी लाइफ जैकेट
इंजन बंद होने के बाद मोटरबोट बहाव के साथ आगे बढ़ने लगी। स्थिति बिगड़ती देख उसमें मौजूद लोगों ने घाट के आसपास मौजूद नाविकों से मदद मांगी। आवाज सुनते ही तीन से चार स्थानीय नाविक अपनी नाव लेकर मौके पर पहुंचे और मोटरबोट में सवार लोगों को सुरक्षित अपनी नाव में बिठाया।
मध्य प्रदेश के जबलपुर के ग्वारीघाट क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। नर्मदा नदी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ग्वारीघाट क्षेत्र में गश्त कर रही होमगार्ड की मोटरबोट अचानक तकनीकी खराबी के कारण पानी में बहने लगी। नाव में सवार जवानों और प्रशिक्षुओं के सामने कुछ देर के लिए मुश्किल स्थिति बन गई। हालांकि घाट पर मौजूद स्थानीय नाविक तुरंत मदद के लिए पहुंचे और नाव सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। नाव पर 15 लोग सवार थे।
पेट्रोलिंग के दौरान मोटरबोट इंजन बंद हो गया
जानकारी के मुताबिक, बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के कारण इन दिनों नर्मदा का जलस्तर बढ़ा हुआ है और नदी का बहाव भी तेज है। इसी दौरान होमगार्ड की टीम ग्वारीघाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए मोटरबोट से पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरबोट का इंजन अचानक बंद हो गया।
इंजन बंद होने के बाद मोटरबोट बहाव के साथ आगे बढ़ने लगी। स्थिति बिगड़ती देख उसमें मौजूद लोगों ने घाट के आसपास मौजूद नाविकों से मदद मांगी। आवाज सुनते ही तीन से चार स्थानीय नाविक अपनी नाव लेकर मौके पर पहुंचे और मोटरबोट में सवार लोगों को सुरक्षित अपनी नाव में बिठाया। इसके बाद रस्सी की मदद से खराब मोटरबोट को भी किनारे तक खींचकर लाया गया।
नाव सवार सभी लोगों ने पहनी थी लाइफ जैकेट
राहत की बात यह रही कि मोटरबोट में मौजूद सभी लोगों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। स्थानीय नाविकों की तत्परता और सुरक्षा उपकरणों के चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक तौर पर हादसे की वजह मोटरबोट का इंजन फेल होना सामने आई है।
बरगी बांध का पानी छोड़े जाने से जलस्तर बढ़ा
घटना ने एक बार फिर बढ़े हुए जलस्तर के दौरान नदी में पेट्रोलिंग और नाव संचालन के दौरान अतिरिक्त सावधानी की जरूरत को सामने ला दिया है। खासकर ग्वारीघाट जैसे भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह घटना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद से नर्मदा का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं इस घटना के बाद से प्रशासन अलर्ट हो गया है।
