Bhopal News: पुराने भोपाल में 7 अगस्त को बाजार बंद का ऐलान, मोती मस्जिद बैरिकेडिंग को लेकर बढ़ा विरोध
Bhopal News: मोती मस्जिद स्क्वायर की बैरिकेडिंग के विरोध में भोपाल के पुराने शहर के व्यापारियों ने 7 अगस्त को बाजार बंद और धरना देने का ऐलान किया है।
Bhopal News: भोपाल के पुराने शहर में मोती मस्जिद स्क्वायर पर की गई बैरिकेडिंग और ट्रैफिक पाबंदियों के विरोध में व्यापारियों ने 7 अगस्त को बाजार बंद रखने का ऐलान किया है। कारोबार प्रभावित होने और आपातकालीन सेवाओं में देरी को लेकर व्यापारी प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
बैरिकेडिंग से कारोबार पर असर
चॉक बाजार व्यापारी संघ, सराफा एसोसिएशन और अन्य व्यापारिक संगठनों का कहना है कि पिछले करीब एक साल से मोती मस्जिद स्क्वायर से सदर मंजिल की ओर जाने वाला रास्ता बंद है। इससे ग्राहकों की आवाजाही कम हुई है और बाजारों का कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है।
आगजनी के बाद बढ़ा विरोध
31 जुलाई को इब्राहिमपुरा में हुई आगजनी की घटना के बाद व्यापारियों का आक्रोश और बढ़ गया। उनका आरोप है कि बैरिकेडिंग और ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण दमकल वाहन को मौके तक पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी हुई। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
ये भी पढ़ें- https://aayudh.org/article/narottam-ashutosh-meeting-datia
एम्बुलेंस और मरीज भी परेशान
व्यापारियों का कहना है कि मौजूदा ट्रैफिक व्यवस्था के कारण इब्राहिमपुरा और पीरगेट से आने वाले लोगों को हमीदिया अस्पताल पहुंचने के लिए लंबा यू-टर्न लेना पड़ता है। इससे एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है, जो गंभीर स्थिति में खतरा बन सकती है।
धरना देकर करेंगे विरोध
व्यापारी संगठनों ने 7 अगस्त को बाजार बंद रखने के साथ दोपहर 12:30 बजे मोती मस्जिद स्क्वायर पर धरना देने का भी ऐलान किया है। उनका कहना है कि जब तक ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और रास्ते खोलने का स्थायी समाधान नहीं निकलेगा, तब तक विरोध जारी रहेगा।