माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत, झांसी जेल जा रहा था बंद बड़े भाई से मिलने
Atiq Ahmed Son Road Accident : मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अबान और सोनू को मृत घोषित कर दिया।
Atiq Ahmed Son Road Accident : झांसी। माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने बड़े भाई अली से मिलने झांसी जेल जा रहा था। अली इस समय झांसी जेल में बंद है। हादसा झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ। कार में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
जानवर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, अबान अपने दोस्तों के साथ प्रयागराज से झांसी के लिए निकला था। वह कार की आगे वाली सीट पर बैठा था और उसका दोस्त सोनू वाहन चला रहा था। रास्ते में अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया।
उसे बचाने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद कार में सवार सभी लोग अंदर फंस गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अबान और सोनू को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम घायल हुए हैं। उनका उपचार जारी है।
अतीक अहमद का परिवार
अतीक अहमद के पांच बेटे थे। अबान सबसे छोटा बेटा था। इससे पहले उमेश पाल हत्याकांड के बाद उसका बेटा असद झांसी में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। सबसे बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में बंद है, जबकि अली झांसी जेल में निरुद्ध है।
चौथे बेटे अहजम का नाम भी परिवार के सदस्यों में शामिल है। 2023 में प्रयागराज में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन अभी भी फरार है और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।