MP Congress Cyclothon : इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार सुबह इंदौर से भोपाल तक साइक्लोथॉन की शुरुआत की। यह यात्रा NEET-UG परीक्षा में कथित गड़बड़ी, CBSE परीक्षा से जुड़े विवाद, पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत स्वयं साइकिल चलाकर इंदौर से भोपाल तक का सफर तय करेंगे। यात्रा का उद्देश्य छात्रों, युवाओं और अभिभावकों तक इन मुद्दों को पहुंचाना और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को मजबूत करना है।
दो दिनों में भोपाल पहुंचेगी यात्रा
साइक्लोथॉन सोमवार सुबह करीब आठ बजे आरएनटी मार्ग से शुरू हुई। यात्रा दो दिनों में भोपाल पहुंचेगी। शुरुआत में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और युवा इसमें शामिल हुए। रास्ते में इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल जिले से भी साइकिल यात्री लगातार इस अभियान से जुड़ेंगे।
कांग्रेस का दावा है कि हर जिले से लगभग 500 साइकिल यात्री यात्रा में शामिल होंगे। इस तरह भोपाल पहुंचने तक दो हजार से अधिक लोग इस अभियान का हिस्सा बनेंगे। पहले दिन यात्रा का रात्रि विश्राम सीहोर जिले के आष्टा स्थित गोकुलधाम मैरिज गार्डन में होगा। इसके बाद अगले दिन कोठरी कस्बे से यात्रा फिर शुरू होगी।
मुफ्त शिक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग
यात्रा के दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि देश को अब ऐसी शिक्षा व्यवस्था की जरूरत है, जिसमें सभी बच्चों को केजी से पीजी तक गुणवत्तापूर्ण और निशुल्क शिक्षा उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि समाज और देश के भविष्य से जुड़ा विषय है।
उनके अनुसार, राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित और बेहतर शिक्षा दिलाना तथा सभी प्रतियोगी और प्रोफेशनल परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने NEET परीक्षा में सामने आए विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगना पूरे देश के हित में जरूरी है।
यात्रा के दौरान दिखा अलग-अलग मुद्दों का संदेश
साइक्लोथॉन के दौरान कई प्रतीकात्मक दृश्य भी देखने को मिले। एक अवसर पर जीतू पटवारी जिस ट्रक की छत पर पहुंचे, वहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी चढ़ गए। भीड़ बढ़ने पर कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे ने कार्यकर्ताओं से ट्रक से नीचे उतरने की अपील की ताकि किसी तरह की दुर्घटना या नुकसान न हो। इसके बाद कई कार्यकर्ता नीचे उतर गए।
वहीं, कुपोषण की समस्या को उजागर करने के लिए कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष विवेक खंडेलवाल और ब्लॉक अध्यक्ष गिरीश जोशी साइकिल पर बच्चों की गाड़ी लेकर यात्रा में शामिल हुए। इस माध्यम से उन्होंने प्रदेश में कुपोषण और बच्चों से जुड़े मुद्दों की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।