Bhopal Double Death Case : मध्य प्रदेश। भोपाल के सुदामा नगर इलाके में एक बंद मकान के भीतर बुजुर्ग दंपत्ति के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों की उम्र 50 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार घर कई दिनों से अंदर से बंद था, लेकिन पड़ोसियों को किसी भी तरह की असामान्य गतिविधि का अंदेशा नहीं हुआ। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे घर की बारीकी से जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस मौत की असली वजह जानने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
किराएदार के पहुंचने पर खुला घटना का राज
यह मामला तब सामने आया जब एक किराएदार मकान का किराया देने के लिए घर पहुंचा। उसने घर के भीतर से तेज बदबू महसूस की, जिससे उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसने तुरंत ऐशबाग थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया, तो एक कमरे में बुजुर्ग दंपत्ति के शव पड़े मिले। शव काफी पुराने होने के कारण सड़ने की स्थिति में थे, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।
हत्या या आत्महत्या? पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के सिर पर गोली लगने जैसा निशान मिलने की जानकारी सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि पहले महिला को गोली मारी गई और उसके बाद पुरुष ने आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इसके अलावा परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि किराएदारों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घर के भीतर दोनों शव एक ही कमरे में मिले और उनकी स्थिति से स्पष्ट था कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
Indore MD Drugs Case : करोड़ों की एमडी ड्रग्स निकली यूरिया, 19 पुलिसकर्मियों पर साजिश का आरोप
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारण और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।