FIFA World Cup 2026 : स्पोर्ट्स डेस्क। दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट फीफा वर्ल्ड कप 2026 का इंतजार अब खत्म होने वाला है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट 11 जून से शुरू होगा और 19 जुलाई तक चलेगा। करीब 39 दिनों तक चलने वाले इस महाकुंभ में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। पहली बार तीन देश मिलकर वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहे हैं, जिससे यह टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक बनने जा रहा है। दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल प्रशंसकों की निगाहें इस आयोजन पर टिकी हुई हैं।
मेसी और रोनाल्डो के आखिरी विश्व कप पर सबकी नजर
इस बार सबसे ज्यादा चर्चा फुटबॉल के दो महान सितारों लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) और क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) को लेकर है। दोनों खिलाड़ी अपने करियर का रिकॉर्ड छठा वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं। अर्जेंटीना के कप्तान मेसी अपनी टीम को लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनाने का सपना लेकर मैदान में उतरेंगे।
वहीं पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो पहली बार अपने देश को विश्व कप ट्रॉफी दिलाने की कोशिश करेंगे। फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट इन दोनों दिग्गजों को विश्व मंच पर देखने का शायद आखिरी मौका भी हो सकता है।
IPL Final 2026 के बाद बड़ा हादसा: गुजरात टाइटंस की टीम बस में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे खिलाड़ी
कई दिग्गज टीमों के बीच होगी ट्रॉफी की जंग
वर्ल्ड कप 2026 में खिताब के लिए कई मजबूत टीमें मैदान में उतर रही हैं। यूरोपीय चैंपियन स्पेन युवा स्टार लैमिन यमल (Lamine Yamal) के दम पर खिताब जीतने की उम्मीद कर रहा है। वहीं काइलियन एम्बाप्पे (Kylian Mbappé) की फ्रांस, हैरी केन (Harry Kane) की इंग्लैंड, विनीसियस जूनियर (Vinícius Júnior) की ब्राजील और जर्मनी जैसी टीमों को भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इस बार कई नए देश भी वर्ल्ड कप में पदार्पण कर रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता और अधिक रोमांचक हो गई है।
48 टीमों के साथ नया फॉर्मेट पहली बार लागू
फीफा ने इस बार टूर्नामेंट का प्रारूप पूरी तरह बदल दिया है। पहली बार 48 टीमें वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगी। सभी टीमों को 12 समूहों में बांटा गया है, जिनमें प्रत्येक समूह में चार टीमें होंगी। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सीधे अगले दौर में पहुंचेंगी, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली आठ सर्वश्रेष्ठ टीमें भी नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसके बाद 32 टीमों के बीच प्री-क्वार्टर फाइनल, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
गर्मी से निपटने के लिए लागू होंगे नए नियम
अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा के कई शहरों में गर्म मौसम को देखते हुए फीफा ने खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है। हर मैच में दोनों हाफ के दौरान अनिवार्य हाइड्रेशन ब्रेक दिया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को पानी पीने और रणनीति पर चर्चा करने का मौका मिलेगा।
पूरे टूर्नामेंट में इन ब्रेक्स के कारण 600 मिनट से अधिक अतिरिक्त समय जुड़ने की संभावना है। यह पहली बार होगा जब वर्ल्ड कप में इस तरह का विशेष नियम व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा।
रिकॉर्ड, ग्लैमर और रोमांच से भरपूर होगा आयोजन
इस बार उद्घाटन समारोह तीनों मेजबान देशों में अलग-अलग आयोजित किए जाएंगे। वहीं फाइनल मुकाबले के दौरान विशेष हाफ-टाइम शो भी होगा, जिसमें कई अंतरराष्ट्रीय कलाकार प्रस्तुति देंगे। टूर्नामेंट के मैच 16 स्टेडियमों में खेले जाएंगे, जिनमें सबसे अधिक 11 स्टेडियम अमेरिका में हैं। न्यू जर्सी का मेटलाइफ स्टेडियम (MetLife Stadium) फाइनल मुकाबले की मेजबानी करेगा। भौगोलिक दृष्टि से यह फीफा इतिहास का सबसे विस्तृत वर्ल्ड कप भी माना जा रहा है।
प्रमुख मैचों का शेड्यूल
भारतीय समयानुसार पहला मैच 12 जून को होगा।
12 जूनः मैक्सिको द. अफ्रीका (12:30 AM)
14 जूनः ब्राजील मोरक्को (03:30 AM)
15 जूनः नीदरलैंड्स जापान (01:30 AM)
17 जूनः फ्रांस सेनेगल (12:30 AM)
18 जूनः इंग्लैंड क्रोएशिया (01:30 AM)
19 जूनः मैक्सिको द. कोरिया (06:30 AM)
20 जूनः नीदरलैंड्स स्वीडन (10:30 PM)
21 जूनः जर्मनी आइवरी कोस्ट (01:30 AM)
22 जूनः अर्जेंटीना ऑस्ट्रिया (10:30 PM)
23 जूनः नॉर्वे सेनेगल (05:30 AM)
25 जूनः द. अफ्रीका द. कोरिया (06:30 AM)
26 जूनः जापान स्वीडन (04:30 AM)
27 जूनः नॉर्वे फ्रांस (12:30 AM)
27 जूनः उरुग्वे स्पेन (05:30 AM)
28 जूनः कोलंबिया पुर्तगाल (05:00 AM)
Dalit Youth Assault : ईद की दावत पर बुलाकार युवक से तीन लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
नॉकआउट स्टेज
29 जून-4 जुलाईः राउंड ऑफ
32 विभिन्न समय
5-8 जुलाईः राउंड ऑफ 16
विभिन्न समय
10-12 जुलाईः क्वार्टर फाइनल
विभिन्न समय
15 जुलाईः सेमीफाइनल (12:30 AM)
16 जुलाईः सेमीफाइनल (12:30 AM)
19 जुलाईः ब्रॉन्ज मैच (2:30 AM)
20 जुलाईः फाइनल (12:30 AM)
सभी मैचों का सीधा प्रसारण जी नेटवर्क पर होगा।