Bengal Repolling 2026 : कोलकाता। पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम में शनिवार सुबह 7 बजे से 15 बूथों पर दोबारा मतदान जारी है, लेकिन इस बीच कई जगहों से हिंसा और टकराव की खबरें सामने आ रही हैं।
3 बजे तक 70% हुई वोटिंग
जानकारी के मुताबिक, डायमंड हार्बर के 4 और मगराहाट पश्चिम के 11 बूथों पर री-पोलिंग कराई जा रही है। ये सभी बूथ दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर हो रहे पुनर्मतदान में शाम 5 बजे तक मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 86.11% और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में 87.60% मतदान दर्ज किया है।
दोपहर तीन बजे तक मगराहाट पश्चिम में 72.50%, डायमंड हार्बर में 72.36% वोटिंग दर्ज की गई है। वहीं दोपहर 1 बजे तक इन इलाकों में 55% से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया था। जिसमें डायमंड हार्बर में 54.9% और मगराहट पश्चिम में 54.9% मतदान हुआ था।
हमले के बाद पुलिस लाठीचार्ज
डायमंड हार्बर के फालता इलाके में स्थानीय लोगों ने TMC कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वोट डालने के बाद उनके साथ मारपीट की गई। लोगों के मुताबिक, जब उन्होंने इस घटना का शांतिपूर्ण विरोध किया, तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कई लोग घायल हुए, जिनमें सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं। कुछ लोगों ने विशेष समुदाय को भी इस हमले के लिए जिम्मेदार बताया है।
TMC का पलटवार- सुरक्षाबलों पर लगाए आरोप
दूसरी ओर टीएमसी ने सुरक्षाबलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि मगराहाट पश्चिम के बूथ नंबर 127 पर सुरक्षाबलों ने उनके कैंप में तोड़फोड़ की और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। घटना के बाद TMC समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
Bhopal Encroachment : भोपाल मानस भवन इलाके से हटाई आदिवासी बस्ती, विरोध कर रहे लोगों पर लाठी चार्ज
चुनाव आयोग ने बढ़ाई निगरानी
स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने राज्य में 165 अतिरिक्त काउंटिंग ऑब्जर्वर और 77 पुलिस ऑब्जर्वर तैनात किए हैं। इसका मकसद चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखना है।
क्यों कराना पड़ा दोबारा मतदान?
दरअसल, 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान इन बूथों पर EVM से छेड़छाड़ और झड़प की शिकायतें मिली थीं। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने पुनर्मतदान कराने का फैसला किया।
पोस्टल बैलेट पर भी उठे सवाल
इस बीच TMC ने कोलकाता के खुदीराम अनुशीलन केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी का आरोप है कि पोस्टल बैलेट कवर के साथ छेड़छाड़ की गई है, जिससे चुनाव की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रिकॉर्ड मतदान, अब नतीजों का इंतजार
बता दें कि, पश्चिम बंगाल में इस बार कुल 294 सीटों पर 92.84% मतदान दर्ज किया गया, जो एक रिकॉर्ड है। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर कराया गया था। इस दौरान 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं दूसरे चरण की वोटिंग 142 सीटों पर 29 अप्रैल को हुई थी, जिसमें 92.48 प्रतिशत वोटिंग हुई। अब सभी की नजरें 4 मई को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।