Scindia Home Remedy : शिवपुरी। भारत में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने लोगों को लू से बचने के लिए एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल कम करने और अपने साथ एक प्याज़ रखने की सलाह दी है। यह सुझाव उन्होंने अपनी ‘चंबल की त्वचा’ और पारंपरिक देसी उपायों के अनुभव के आधार पर दिया।
‘AC छोड़िए, प्याज़ रखिए’- सिंधिया का तर्क
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि जब तापमान 50 डिग्री तक पहुंच जाता है, तो वे खुद पारंपरिक तरीकों पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा, “जेब में एक प्याज़ रखिए, आपको कुछ नहीं होगा।” उनके मुताबिक यह पुराना आयुर्वेदिक तरीका है, जिसे लोग अब भूलते जा रहे हैं।
भीषण लू के बीच आया बयान
सिंधिया का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में लू की चेतावनी जारी की है। देशभर में तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि कुछ इलाकों में इससे भी ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है।
किन राज्यों में सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात जैसे राज्यों में लू का प्रकोप जारी रह सकता है। वहीं अकोला में तापमान 46.9°C तक पहुंच चुका है, जो इस सीजन के सबसे गर्म दिनों में से एक है।
पारंपरिक बनाम आधुनिक उपाय छिड़ी बहस
सिंधिया की सलाह ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है क्या पारंपरिक उपाय आज की भीषण गर्मी से निपटने के लिए पर्याप्त हैं? जहां कुछ लोग इसे देसी ज्ञान और आयुर्वेद से जोड़कर सही मान रहे हैं, वहीं कई विशेषज्ञ मानते हैं कि इतनी तेज गर्मी में वैज्ञानिक और आधुनिक उपायों को नजरअंदाज करना जोखिम भरा हो सकता है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लू से बचाव के लिए शरीर को हाइड्रेट रखना, धूप से बचना और जरूरत पड़ने पर कूलिंग उपाय (जैसे पंखा या AC) अपनाना जरूरी है। केवल पारंपरिक तरीकों पर निर्भर रहना हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं हो सकता।
यहां देखिये सोशल मीडिया पर वीडियो