Sukumar Dutta Attack : कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस नेताओं के खिलाफ विरोध का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। अब TMC नेता सुकुमार दत्ता को पुलिस कस्टडी में कोर्ट ले जाते समय प्रदर्शनकारियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। पुलिस स्टेशन के बाहर अंडे फेंके गए और जमकर नारेबाजी हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस कस्टडी में जा रहे थे, बाहर हुआ विरोध
गुरुवार को सुकुमार दत्ता को पुलिस स्टेशन से कोर्ट ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बाहर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने उन पर अंडे फेंके और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
एक दिन पहले सब्यसाची दत्ता भी बने थे निशाना
इससे पहले कोलकाता में TMC के पूर्व विधायक और बिधाननगर नगर निगम के पूर्व चेयरमैन सब्यसाची दत्ता के साथ भी ऐसा ही मामला सामने आया था। अदालत से बाहर लाए जाने के दौरान कुछ लोगों ने उन पर अंडे फेंके और विरोध प्रदर्शन किया।
गिरफ्तारी के बाद बढ़ा विरोध
सब्यसाची दत्ता को कथित जबरन वसूली और आपराधिक धमकी से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट ले जाते समय भी विरोध का सामना करना पड़ा था।
MP New Labour Law : MP में बड़ा बदलाव! 6 श्रम कानून खत्म, कर्मचारियों और कारोबारियों को बड़ा फायदा
पूर्व मंत्री के घर और कार्यालय पर भी हंगामा
TMC नेता और पूर्व मंत्री उज्जवल विश्वास भी लोगों के गुस्से से नहीं बच सके। भ्रष्टाचार और राहत सामग्री के कथित दुरुपयोग के आरोपों को लेकर नाराज लोगों ने उनके आवास और कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन पर भी अंडे फेंके गए।
अभिषेक बनर्जी के काफिले पर भी हुआ था हमला
30 मई को TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के दौरे के दौरान भी बड़ा विवाद हुआ था। प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले पर अंडे, जूते, पत्थर और कीचड़ फेंके थे। अभिषेक ने धक्का-मुक्की और मारपीट की कोशिश का आरोप लगाया था। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
लगातार बढ़ रही हैं विरोध की घटनाएं
पिछले कुछ दिनों में TMC नेताओं के खिलाफ विरोध के कई मामले सामने आ चुके हैं। अलग-अलग जिलों में नेताओं को प्रदर्शन, नारेबाजी और अंडे फेंके जाने जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे बंगाल की राजनीति का माहौल लगातार गर्म बना हुआ है।