Aayudh

Categories

Weather Alert Today : सिक्किम में बर्फबारी- भूस्खलन, 1500 टूरिस्ट फंसे, UP में 15 की मौत

Weather Alert Today

Weather Alert Today : नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। सिक्किम के मंगन जिले में रविवार को तेज बारिश और बर्फबारी के कारण हालात बिगड़ गए। लाचेन-चुंगथांग रोड पर लैंडस्लाइड हुआ, जिससे सड़क में बड़ी दरारें आ गईं और करीब 1500 पर्यटक फंस गए। राहत की बात यह है कि सोमवार सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में जुटा है।

वहीं वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुनोत्री धाम सहित तीन जिलों में बर्फबारी हुई, जबकि छह जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई।

Crop Damage Compensation : ओलावृष्टि के बाद एक्शन में CM, बोले- कलेक्टर खुद करें फसल नुकसान का सुपर विजन

शिमला, कुल्लू और मंडी में ओले

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी हुई है। गोंदला में 28.5 सेंटीमीटर, केलांग में 20 सेंटीमीटर और हंसा में 5 सेंटीमीटर बर्फ गिरी। वहीं शिमला, कुल्लू और मंडी में ओले गिरने से सेब की फसल को नुकसान पहुंचा है।

UP में 15 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनहानि भी की है। पिछले 72 घंटों में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। काशी, गोंडा, सुल्तानपुर और कानपुर समेत 11 जिलों में रविवार को रुक-रुककर बारिश हुई, जबकि कानपुर, मथुरा और संभल में ओलावृष्टि दर्ज की गई।

Passport Controversy : असम की जेल में कटेगा पवन खेड़ा का अंतिम समय- पासपोर्ट विवादपर CM सरमा का जवाब

राजस्थान के 14 जिलों में आंधी- बारिश का अलर्ट

राजस्थान में आज से नया वेदर सिस्टम सक्रिय हो गया है। 14 जिलों में आंधी और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

राज्यों में मौसम का असर

देश के कई राज्यों में अलग-अलग तरह के मौसम के हालात बने हुए हैं। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, ओडिशा और कर्नाटक में आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। वहीं आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में तेज बारिश का अनुमान है। राजस्थान, बिहार और झारखंड में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।

मध्य प्रदेश में 9 अप्रैल तक अलर्ट

मध्य प्रदेश में 9 अप्रैल तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के 24 जिलों में इसका असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 7 अप्रैल से एक नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है, जिससे मौसम में बदलाव बना रहेगा।

Iran US War Update : ईरान-अमेरिका में 45 दिन के सीजफायर पर बातचीत तेज, अगले 48 घंटे बहुत ख़ास

बिहार और छत्तीसगढ़ में भी असर

बिहार के छह जिलों में बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटों में तेज हवा, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं अगले तीन दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने के आसार हैं।

छत्तीसगढ़ में पश्चिम बंगाल में बने सिस्टम का असर देखने को मिल रहा है। ट्रफ लाइन गुजरने के कारण राज्य में बादल और बारिश की स्थिति बनी हुई है। यहां तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।

अगले दो दिन का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 अप्रैल को देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना बनी रहेगी। कुछ क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही, आंध्र प्रदेश, केरल और पुडुचेरी में ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *