Iran US War Update : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान और अमेरिका के बीच 45 दिन के सीजफायर को लेकर बातचीत जारी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यदि यह समझौता नहीं हो पाता है तो ईरान पर बड़े हमले किए जा सकते हैं, जिसकी तैयारी अमेरिका और इजराइल पहले ही कर चुके हैं।
48 घंटे डील के लिए बेहद अहम
एक्सिओस की रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्तावित समझौते के पहले चरण में 45 दिन का सीजफायर लागू किया जाएगा। इस दौरान दोनों पक्ष स्थायी शांति समझौते पर चर्चा करेंगे।
इस बातचीत में पाकिस्तान, मिस्र और तुर्किये मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। मध्यस्थों का कहना है कि अगले 48 घंटे इस डील के लिए बेहद अहम हैं और यही अंतिम मौका हो सकता है।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि अमेरिका और इजराइल ने ईरान के ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर ठिकानों पर हमले की योजना तैयार कर ली है। हालांकि, ईरान फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट और अपने परमाणु कार्यक्रम जैसे अहम मुद्दों पर कोई बड़ी रियायत देने के मूड में नहीं दिख रहा है।
ग्लोबल सप्लाई पर असर की चेतावनी
ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उस पर हमले बढ़े तो वह वैश्विक सप्लाई चेन को प्रभावित कर सकता है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार ईरान ने संकेत दिए हैं कि वह होर्मुज के साथ-साथ अन्य समुद्री रास्तों को भी निशाना बना सकता है।
ईरानी सुप्रीम लीडर के सलाहकार अली अकबर वेलायती ने कहा कि किसी भी बड़े हमले का जवाब केवल सैन्य स्तर पर नहीं होगा, बल्कि इसका असर वैश्विक ऊर्जा और व्यापार पर भी डाला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के अलावा बाब-अल-मंदेब जैसे अहम समुद्री मार्ग भी खतरे में आ सकते हैं।
ट्रम्प की कड़ी चेतावनी
इस बीच डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने ऐसा नहीं किया तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए ईरान को सख्त लहजे में चेतावनी दी और पावर प्लांट तथा पुलों पर हमले की बात कही।
Shreyas Iyer Fined : BCCI ने श्रेयस अय्यर पर क्यों लगाया गया लाखों का जुर्माना?
ईरान में सख्त कार्रवाई और फांसी
ईरान ने जनवरी में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान सैन्य ठिकाने पर हमले के आरोपी अली फहीम को फांसी दे दी है। इस सजा को सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा था। ईरानी मीडिया के मुताबिक उस पर मिलिट्री फैसिलिटी पर हमला करने और हथियार कब्जाने की कोशिश का आरोप था।
इस मामले में ईरान पहले ही तीन अन्य लोगों-आमिर-हुसैन हातमी, मोहम्मद-अमीन बिगलारी और शाहीन वाहेदपरस्त- को फांसी दे चुका है। अधिकारियों का कहना है कि ये सभी राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ काम कर रहे थे। वहीं, एमनेस्टी इंटरनेशनल के अनुसार इस मामले में एक और आरोपी को भी जल्द फांसी दी जा सकती है।
Iran US War Update : ईरान ने 24 घंटे में 2 अमेरिकी जेट्स गिराए, पायलट पकड़ने पर 55 लाख का इनाम
इजराइल में मिसाइल हमलों के बाद अलर्ट
ईरान के नए मिसाइल हमलों के बाद इजराइल के दक्षिणी हिस्सों में सायरन बजाए गए। लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए। इजराइली सेना के अनुसार एक और बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च का पता चला, जिसके बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी किया गया और एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया।
इराक ने तेल निर्यात को लेकर उठाया कदम
इसी बीच इराक ने तेल खरीदारों से 24 घंटे के भीतर लोडिंग प्लान जमा करने को कहा है। स्टेट ऑयल मार्केटिंग कंपनी SOMO ने कहा कि इससे कच्चे तेल के निर्यात की निरंतरता और स्थिरता सुनिश्चित होगी।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि बसरा ऑयल टर्मिनल समेत सभी लोडिंग सुविधाएं पूरी तरह चालू हैं और सभी कॉन्ट्रैक्ट पूरे करने की तैयारी है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब ईरान ने इराक को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने में छूट दी है, जिससे तेल निर्यात फिर से शुरू हो सका है।
Fake Sensodyne Toothpaste : नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़, लाखों की नकली खेप बरामद
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के चलते इराक का उत्पादन घटकर करीब 8 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया था। अब निर्यात बहाल होने के बाद इराक उत्पादन बढ़ाकर वैश्विक बाजार में सप्लाई मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।