HIGHLIGHTS:
- सुरभि यादव ने 12वीं में 97% अंक हासिल किए
- उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया
- मां के निधन के बाद भी नहीं टूटा हौसला
- पिता ने निभाई मां और पिता दोनों की जिम्मेदारी
- संघर्ष के बीच मेहनत से हासिल की बड़ी सफलता
UP BORAD TOPPER: यूपी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 12वीं के नतीजों में बरेली की सुरभि यादव की कहानी हर किसी को भावुक कर रही है। 97% अंकों के साथ राज्य में तीसरा स्थान हासिल करने वाली सुरभि ने यह साबित कर दिया कि कठिन हालात भी सपनों को रोक नहीं सकते। मां के निधन के बाद जहां एक तरफ परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं सुरभि ने अपने हौसले को कमजोर नहीं होने दिया।
टॉपर्स ने किया कमाल
हाईस्कूल में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने 97.83% अंकों के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया। वहीं, 12वीं में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60% अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉपर्स लिस्ट में अपना दबदबा बनाए रखा।
पिता बने सबसे बड़ा सहारा
सुरभि की सफलता के पीछे उनके पिता का अहम योगदान रहा। उनके पिता एक स्कूल में टेक्निशियन के रूप में काम करते हैं। मां के जाने के बाद उन्होंने ही घर और परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभाली। इतना ही नहीं, उन्होंने सुरभि को कभी किसी चीज की कमी महसूस नहीं होने दी और हमेशा उन्हें पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
संघर्ष के बीच पढ़ाई से नहीं हटाया ध्यान
सुरभि ने बताया कि उन्होंने घर और स्कूल दोनों जगह पूरी मेहनत से पढ़ाई की। सीमित संसाधनों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं हटने दिया। उनकी यह मेहनत और लगन ही आज उनकी सफलता का कारण बनी है।
सपनों को दी नई उड़ान
सुरभि की यह उपलब्धि सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने दिखा दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी मुश्किल रास्ता नहीं रोक सकती।