Twisha Case Update: भोपाल की बहुचर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में आज कोर्ट में सुनवाई हुई। रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश हुए। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दोनों की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी। वहीं सीबीआई ने जांच आगे बढ़ाने के लिए समर्थ सिंह के लैपटॉप का पासवर्ड और वॉइस सैंपल लेने की अनुमति भी मांगी।
CBI ने कोर्ट में रखा नया आवेदन
सुनवाई के दौरान सीबीआई ने अदालत में आवेदन पेश कर समर्थ सिंह के लैपटॉप का पासवर्ड उपलब्ध कराने और उनका वॉइस सैंपल लेने की अनुमति मांगी। एजेंसी का कहना है कि जांच के लिए ये दोनों पहलू महत्वपूर्ण हैं। कोर्ट ने आवेदन पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।
Bharat Encounter Case : CBI जांच की याचिका पर सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, HC जाने की दी छूट
14 दिन और बढ़ी न्यायिक हिरासत
गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश हुए। दोनों की न्यायिक हिरासत पूरी होने पर सुनवाई हुई, जिसके बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन के लिए फिर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
घर में चोरी को लेकर भी बढ़ा विवाद
सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह के घर हुई चोरी का मामला भी चर्चा में रहा। गिरिबाला सिंह ने चोरी की घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
ट्विशा के परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाया कि “जो पहले हत्या के आरोपी हैं, अब वही चोरी के मामले में भी सवालों के घेरे में हैं।” उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए केस को दिल्ली ट्रांसफर करने की मांग भी उठाई।
‘सबूत मिटाने के लिए करवाई गई चोरी‘
ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा ने घर में हुई चोरी को संदिग्ध बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह चोरी सबूत मिटाने के उद्देश्य से कराई गई हो सकती है। उनका कहना है कि घर में ऐसे तथ्य मौजूद हो सकते थे, जो गिरिबाला सिंह के खिलाफ जांच में अहम साबित होते।
जांच पर टिकी सबकी नजर
ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला फिलहाल सीबीआई के पास है। अब अदालत की अगली सुनवाई, सीबीआई की जांच और चोरी के मामले की पड़ताल पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में जांच से जुड़े नए तथ्य सामने आ सकते हैं।