Roadside Classroom in Sidhi : सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। मझौली जनपद क्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, बंजारी में स्कूल तक पहुंचने का रास्ता अवरुद्ध हो गया। इसके चलते शिक्षकों ने छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो, इसलिए सड़क पर ही पाठशाला शुरू कर दी। सभी छात्र सड़क पर बैठकर पढ़ाई करते नजर आए, जबकि शिक्षक खुले में उन्हें पढ़ाते दिखाई दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया
सड़क पर संचालित हो रही क्लास का वीडियो सामने आते ही प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों में हलचल मच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा केंद्र के परियोजना समन्वयक ने तत्काल कार्रवाई की।
दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारियों ने यह जानना चाहा है कि किन परिस्थितियों में सड़क पर कक्षा संचालित की गई और इसके लिए पूर्व अनुमति ली गई थी या नहीं।
Khargone Road : खरगोन में 25 साल से अधूरी 3 किमी सड़क, जान जोखिम में डाल स्कूल पहुंच रहे बच्चे
रास्ता बंद होने से शिक्षकों की बढ़ी मजबूरी
जानकारी के अनुसार, विद्यालय तक जाने वाला रास्ता अवरुद्ध होने के कारण शिक्षक और छात्र स्कूल भवन तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए शिक्षकों ने सड़क पर ही कक्षा लगाने का निर्णय लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय तक पहुंचने वाले मार्ग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
Bhopal Education Scam: भोपाल में बड़ा शिक्षा घोटाला! 10 साल बाद खुला ऐसा राज, अब होगी हाई लेवल जांच
अब प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं निगाहें
यह पूरा मामला मझौली जनपद क्षेत्र की बंजारी ग्राम पंचायत का है। शिक्षा विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है और संबंधित शिक्षकों से जवाब मांगा गया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल नोटिस जारी करने के बजाय स्कूल तक जाने वाले रास्ते की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो और ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो।