Ram Mandir Trust Donation Report: अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर पिछले कुछ दिनों से उठ रहे सवालों के बीच अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पहली बार अपनी आय और खर्च का पूरा हिसाब सामने रख दिया है। ट्रस्ट का कहना है कि उसके गठन से अब तक मिले हर रुपये का रिकॉर्ड सुरक्षित है और जरूरत पड़ने पर कोई भी श्रद्धालु अपने द्वारा दिए गए दान जानकारी कभी भी ले सकता है।
यह जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और चोरी के मामले की जांच के लिए गठित SIT लगातार जांच कर रही है। इस मामले में अब तक आठ लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।
₹3,264 करोड़ का मिला दान
ट्रस्ट का कहना है कि गठन के बाद से अब तक 3,264 करोड़ रुपये का दान मिला है। इसमें निधि समर्पण अभियान, देश-विदेश के श्रद्धालुओं का योगदान, कॉर्पस फंड और अन्य दान शामिल हैं।
कहां खर्च हुए पैसे?
ट्रस्ट ने बताया कि अब तक 2,370 करोड़ रुपये मंदिर निर्माण, परिसर के विकास और अन्य निर्माण कार्यों पर खर्च किए गए हैं। वहीं 391 करोड़ रुपये मंदिर के संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, धार्मिक अनुष्ठानों और रखरखाव पर खर्च हुए हैं।
यानी अब तक कुल 2,761 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि बची हुई राशि को आगे की व्यवस्थाओं और मंदिर के निर्माण कार्यों के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।
चांदी गलाने पर भी दी सफाई
दान में मिली चांदी को लेकर उठे सवालों पर ट्रस्ट ने कहा कि चांदी को तय प्रक्रिया के तहत गलाया गया है। इसका इस्तेमाल मंदिर निर्माण, सजावट और धार्मिक कार्यों में किया जा रहा है। ट्रस्ट का दावा है कि चांदी का पूरा रिकॉर्ड मौजूद है और कुछ भी गायब नहीं हुआ है।
RSS on Ram Mandir Chadhava Chori : राम मंदिर चढ़ावा चोरी के दोषियों को सजा मिले… RSS का पहला बयान
5 करोड़ की रामचरितमानस भी दिखाई
ट्रस्ट ने दान में मिली कई कीमती वस्तुएं भी सार्वजनिक कीं। इनमें करीब 5 करोड़ रुपये कीमत वाली सोने की परत चढ़ी रामचरितमानस सबसे खास रही। इसके अलावा सोने के आभूषण और अन्य बहुमूल्य भेंट भी मीडिया को दिखाई गईं।
श्रद्धालुओं का भरोसा बनाए रखने की कोशिश
ट्रस्ट का कहना है कि चढ़ावे को लेकर फैली अफवाहों और आरोपों के बीच पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी था। इसलिए दान, खर्च और कीमती वस्तुओं का पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया गया है। हालांकि, कथित चोरी के मामले की जांच अभी जारी है और अंतिम तस्वीर एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।

