MP News : जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तेल बचाने और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब देश के अलग-अलग हिस्सों में दिखाई देने लगा है। मध्यप्रदेश के जबलपुर में हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल (Justice D.D. Bansal) ने एक अनोखी पहल करते हुए साइकिल से कोर्ट पहुंचकर लोगों को बड़ा संदेश दिया। उनका यह कदम अब चर्चा का विषय बन गया है।
3 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर पहुंचे कोर्ट
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल शहर की व्यस्त और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर साइकिल चलाते नजर आए। उन्होंने अपने सरकारी आवास पचपेढ़ी, सिविल लाइंस से हाईकोर्ट तक करीब 3 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय किया।
कोर्ट पहुंचने के दौरान लोगों की नजरें उन पर टिक गईं। आमतौर पर बड़े पदों पर बैठे लोग सरकारी गाड़ियों में सफर करते हैं, लेकिन जस्टिस बंसल (Justice D.D. Bansal) ने सादगी और जिम्मेदारी का उदाहरण पेश किया।
तेल बचाने और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जस्टिस डीडी बंसल ने कहा कि देश इस समय कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह पेट्रोल और डीजल की बचत करे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां तक संभव हो, छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल का इस्तेमाल करें। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा और स्वास्थ्य भी बेहतर बनेगा।
जस्टिस बंसल के साथ कोर्ट का एक कर्मचारी भी साइकिल पर नजर आया। कर्मचारी उनके जरूरी दस्तावेज, बैग और टिफिन लेकर साथ चला।
जस्टिस बंसल की इस पहल को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने इसे आम जनता के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।