MP IMD Alert: भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून अब पूरी रफ्तार में है। पिछले 6 दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। अच्छी बात यह है कि जून में बारिश की जो कमी रह गई थी, वह जुलाई की शुरुआत में ही लगभग पूरी हो गई है। अब प्रदेश में सामान्य से सिर्फ 1 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज भी कई जिलों में तेज बारिश होने वाली है। कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।
इन 5 जिलों में सबसे ज्यादा बारिश की चेतावनी
आज गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर और छतरपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में होगी अच्छी बारिश
ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, मैहर, दमोह, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर, हरदा, राजगढ़, आगर-मालवा, झाबुआ, अलीराजपुर, धार और बड़वानी में भारी बारिश हो सकती है।
भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी बरसेंगे बादल
भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत श्योपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, नीमच, मंदसौर और रतलाम में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
जुलाई की शुरुआत में ही पूरी हुई जून की कमी
लगातार हो रही बारिश का असर यह है कि जुलाई का बारिश का कोटा लगभग पूरा हो चुका है। जून में बारिश करीब 33 फीसदी कम रही थी, लेकिन अब वह कमी लगभग खत्म हो गई है। फिलहाल पूरे प्रदेश में सामान्य से सिर्फ 1 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाली जगहों से दूर रहें। अगर बहुत जरूरी काम न हो, तो खराब मौसम में घर से निकलने से बचें।