महू | इंदौर जिले के महू में शुक्रवार को गोवंश काटे जाने की सूचना के बाद माहौल अचानक खराब हो गया। महू कोतवाली थाना क्षेत्र की बंडा बस्ती में एक अवैध बाड़े में गोवंश काटे जाने की खबर मिलते ही बजरंग दल कार्यकर्ता और पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। शुरुआती जांच में आठ गोवंश काटे जाने की बात सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान टीम पर पथराव
घटनास्थल से अवशेषों को हटाने के लिए कैंटोनमेंट बोर्ड की गाड़ी को मौके पर बुलाया गया था। इसी दौरान वहाँ बड़ी संख्या में एक वर्ग के लोग इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और भीड़ ने पुलिसकर्मियों व कैंटोनमेंट बोर्ड के कर्मचारियों पर पथराव शुरू कर दिया। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल (फोर्स) बुलाया और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। इसघटना के बाद से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और मौके से मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पथराव करने वालों की पहचान करने में जुटी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।