India-Japan Summit: जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के भारत दौरे की औपचारिक शुरुआत गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, निवेश, तकनीक और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
राष्ट्रपति भवन में हुआ औपचारिक स्वागत
नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को फॉर्मल गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाई देने की प्रतिबद्धता जताई।
मोदी-ताकाइची के बीच होगी अहम बैठक
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सनाए ताकाइची के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। बैठक में व्यापार, रक्षा सहयोग, आधुनिक तकनीक, निवेश, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
भारत दौरे को जापान ने बताया अहम
भारत पहुंचने के बाद जापान सरकार की ओर से भी इस यात्रा को बेहद महत्वपूर्ण बताया गया। जापान के कैबिनेट पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर ने सोशल मीडिया पर भारत के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताते हुए कहा कि यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देगा।
WhatsApp Username फीचर पर भारत में रोक! केंद्र ने भेजा Meta को नोटिस
पालम एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
बुधवार को दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने पालम तकनीकी हवाई अड्डे पर जापानी प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत-जापान संबंधों को और मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
वार्षिक शिखर सम्मेलन पर टिकी नजरें
सनाए ताकाइची अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा के दौरान भारत-जापान वार्षिक शिखर बैठक में भी हिस्सा लेंगी। इस सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण समझौतों और नई साझेदारियों पर सहमति बनने की उम्मीद है।
निवेश और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जापान की कई बड़ी कंपनियां भारत में करीब 12.5 अरब डॉलर के निवेश की तैयारी कर रही हैं। वहीं भारत-जापान आर्थिक मंच में 150 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे से निवेश, उद्योग, तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग और मजबूत होगा।