BJP Foundation Day : भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के 17 जिलों में पार्टी कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया। राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वर्चुअली शामिल हुए।
हमें धुरंधर 1 का समय भी याद
इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारत अब उन देशों में शामिल हो गया है, जो अपने दुश्मनों को उनके घर में घुसकर जवाब देते हैं। मोदी जी के माध्यम से धुरंधर 2 का समय चल रहा है, लेकिन हमें धुरंधर 1 का समय भी याद आता है। हमें मालूम है कि नकली नोट छाप-छापकर पाकिस्तान परेशान करता था। उस पाकिस्तान को भी क्या ठिकाने लगाया। यह असली धुरंधर का जमाना है।
कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा
उन्होंने कहा कि मजबूत नेतृत्व के कारण देश और प्रदेश दोनों तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।
सीएम ने भाजपा की विचारधारा को अटल और अमर बताते हुए कहा कि यह पार्टी लगातार मजबूत होती जा रही है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व को याद करते हुए सीएम ने कहा कि गठबंधन की सरकार होने के बावजूद उन्होंने अपने वादों को सफलतापूर्वक पूरा किया।
प्रदेश के सभी जिलों में कार्यालय बनाने का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी 17 जिलों में कार्यालय निर्माण की शुरुआत कर रही है और लक्ष्य है कि अगले स्थापना दिवस से पहले प्रदेश के सभी 52 जिलों में भाजपा के अपने कार्यालय हों।
उन्होंने बताया कि हर कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा और पुस्तकालय भी बनाया जाएगा, जहां संगठन और विचारधारा से जुड़ी किताबें उपलब्ध होंगी।
इन 17 जिलों में कार्यालयों का हुआ भूमिपूजन
बुरहानपुर
आगर
सीहोर
मऊगंज
अशोकनगर
अनूपपुर
ग्वालियर
निवाड़ी
छिंदवाड़ा
रतलाम
नीमच
मंदसौर
पांढुर्ना
सीधी
भिंड
मैहर
धार ग्रामीण
Weather Alert Today : सिक्किम में बर्फबारी- भूस्खलन, 1500 टूरिस्ट फंसे, UP में 15 की मौत
दिवंगत नेताओं के परिजनों का सम्मान
भोपाल में आयोजित सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने दिवंगत नेताओं और कार्यकर्ताओं के परिजनों का सम्मान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वयं मंच से उतरकर पूर्व विधायक स्वर्गीय रमेश शर्मा के परिजनों से मिले और उनका सम्मान किया।
7 अप्रैल से शुरू होगा ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’
भाजपा 7 से 12 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ चलाएगी। इस अभियान के तहत सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि गांवों में जाकर जनसंपर्क करेंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में 50 गांवों का चयन किया गया है, जहां नेता पुराने कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उनका सम्मान करेंगे।
अभियान के दौरान स्वच्छता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनके अनुभव साझा किए जाएंगे। पार्टी ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे केवल भाषण न दें, बल्कि जमीनी स्तर पर लोगों से संवाद करें।
Passport Controversy : असम की जेल में कटेगा पवन खेड़ा का अंतिम समय- पासपोर्ट विवादपर CM सरमा का जवाब
किसानों और विकास पर जोर
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीदी की तैयारी तय समय से पहले पूरी कर ली गई है और इस बार 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही है। छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाकर करीब 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाया गया है और बिजली आपूर्ति में भी सुधार हुआ है। सरकार का लक्ष्य अंत्योदय के सिद्धांत के तहत समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र के साथ सरकार आगे बढ़ रही है और संगठन विस्तार का कार्य तेजी से जारी है।