Bengal Violence Update : कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद राजनीतिक हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में बम धमाके की घटना ने माहौल और तनावपूर्ण बना दिया। इस हमले में बीजेपी के कम से कम पांच कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रत्ना देबनाथ के घर के पास हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, यह बम धमाका पानीहाटी सीट से निर्वाचित बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ के घर के पास हुआ। रत्ना देबनाथ आरजी कर अस्पताल रेप पीड़िता की मां हैं और हाल ही में विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बनी हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बीजेपी कार्यकर्ताओं पर फेंके गए देसी बम
पुलिस के अनुसार, धमाका पानीहाटी के वार्ड नंबर 2 स्थित सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन के पास दत्ता रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ता इलाके में लोगों से बातचीत कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर देसी बम फेंक दिए। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पांच कार्यकर्ता घायल, अस्पताल में भर्ती
इस हमले में कम से कम पांच बीजेपी कार्यकर्ता घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बीजेपी ने TMC पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी नेताओं का कहना है कि हमलावरों को सत्तारूढ़ दल का समर्थन प्राप्त था। हालांकि टीएमसी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है और कहा है कि पार्टी का इस घटना से कोई संबंध नहीं है।
TN Govt Formation : बहुमत से दूर थलापति विजय की TVK, राज्यपाल बोले- पहले समर्थन दिखाए फिर थपथ
पुलिस ने शुरू की जांच
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी भी शुरू कर दी है। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड से बढ़ा राजनीतिक तनाव
बुधवार रात ही बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में पहले से तनाव बना हुआ था। अब पानीहाटी में हुए बम धमाके ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।
शुभेंदु अधिकारी ने हत्या को बताया साजिश
बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने चंद्रनाथ रथ की हत्या को सुनियोजित साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि उनके सहयोगी को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उन्होंने भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था। शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चार गोलियां लगने की पुष्टि हुई है और यह हमला पहले से तय योजना के तहत किया गया।
Bihar Cabinet Expansion : निशांत समेत 32 मंत्रियों ने ली शपथ, PM मोदी-नीतीश भी रहे मौजूद
TMC ने भी की जांच की मांग
तृणमूल कांग्रेस ने भी घटना की निंदा की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी नेताओं ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और राज्य में शांति बनाए रखना जरूरी है।