Aayudh

Categories

Bengal Election Results 2026 : श्यामा प्रसाद मुखर्जी की धरती पर खिला कमल! 75 साल बाद BJP की ऐतिहासिक जीत

Bengal Election Results 2026

Bengal Election Results 2026 : कोलकता। पश्चिम बंगाल की राजनीति ने इस बार नया इतिहास रच दिया है। हुगली के किनारों से लेकर दार्जिलिंग की पहाड़ियों तक चुनावी नतीजों ने साफ संकेत दिया है कि राज्य की सियासत में बड़ा बदलाव आ चुका है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की स्थिति में नजर आ रही है। यह जीत सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि दशकों से चल रही राजनीतिक धारा के बदलने का संकेत मानी जा रही है।

बीजेपी को बहुमत, TMC सत्ता से बाहर

चुनावी रुझानों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (BJP) 190 से ज्यादा सीटों पर बढ़त या जीत की स्थिति में दिख रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) 100 से कम सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। ऐसे में पश्चिम बंगाल में 15 साल पुरानी ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) सरकार की विदाई तय मानी जा रही है।

यह नतीजा इसलिए भी खास है क्योंकि बंगाल लंबे समय तक लेफ्ट और बाद में तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। बीजेपी यहां पहले सीमित राजनीतिक ताकत मानी जाती थी, लेकिन इस चुनाव ने तस्वीर पूरी तरह बदल दी।

Thalapathy Vijay : तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव! ‘थलापति’ विजय ने तोड़ा 60 साल पुराना समीकरण

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि पर पहली बार कमल

बीजेपी के लिए यह जीत भावनात्मक और वैचारिक दोनों स्तर पर बेहद अहम मानी जा रही है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी (Syama Prasad Mukherjee) का जन्म कोलकाता में हुआ था। उन्होंने 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी, जिसे बीजेपी का वैचारिक पूर्वज माना जाता है।

करीब 75 साल बाद उनकी जन्मभूमि पर बीजेपी का सत्ता में आना पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए ऐतिहासिक पल माना जा रहा है। पार्टी इसे अपने वैचारिक संघर्ष की बड़ी जीत के रूप में देख रही है।

Bengal Elections Result : BJP की जीत पर CM यादव, बोले- अंग-बंग-कलिंग में लहराया BJP का झंडा

370 से बंगाल तक वैचारिक सफर

श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा दिया था। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद बीजेपी अब बंगाल विजय को उस वैचारिक यात्रा का अगला पड़ाव मान रही है।

PM नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और अमित शाह (Amit Shah) ने चुनाव प्रचार के दौरान बार-बार मुखर्जी के सपनों और बंगाल के गौरव का जिक्र किया। इसका असर शहरी और ग्रामीण दोनों वोटरों पर देखने को मिला।

Bengal Election BJP Strategy : बीजेपी का सबसे बड़ा दांव, संघ-ABVP के सहारे TMC के किले में सेंध!

बीजेपी की रणनीति ने बदली तस्वीर

इस चुनाव में बीजेपी ने बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा किया। केंद्रीय नेताओं की लगातार रैलियां, कार्यकर्ताओं का प्रवास, महिला वोटरों और सीमावर्ती इलाकों पर खास फोकस, और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का नैरेटिव पार्टी के लिए फायदेमंद साबित हुआ। पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की कि बीजेपी कोई बाहरी ताकत नहीं, बल्कि बंगाल की मिट्टी से जुड़ी पार्टी है। यही रणनीति वोटरों को प्रभावित करती दिखी।

Bengal Election Results 2026 Live : बंगाल में टीएमसी 8 सीट जीती

बंगाल की राजनीति में नए दौर की शुरुआत

अगर अंतिम नतीजे इसी दिशा में रहे तो पहली बार बंगाल विधानसभा में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बीजेपी का नेता बैठेगा। यह राज्य की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत मानी जाएगी। यह जीत सिर्फ सीटों की संख्या नहीं, बल्कि उस राज्य में सत्ता हासिल करना है जहां से बीजेपी की वैचारिक जड़ें निकली थीं। इसलिए बंगाल की यह जीत पार्टी के लिए सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धियों में गिनी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *