‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई...' फिल्म हनुमान अंश के सिंगर को बिठाकर CM ने सुना गाना
जन्म से दृष्टिबाधित सुनील की गायकी से प्रभावित मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा की सराहना की और परिवार का सम्मान किया। सरकार की ओर से सुनील को एक लाख रुपए की सम्मान निधि देने की घोषणा की गई है।
MP News: बुंदेलखंड की लोकधुन और भक्ति संगीत को नई पहचान दिलाने वाले सागर जिले के युवा गायक सुनील लोधी ने अब मुख्यमंत्री निवास में अपनी गायकी का जलवा दिखाया। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गीत के जरिए चर्चा में आए सुनील ने गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान उनके माता-पिता भी मौजूद रहे।
जन्म से दृष्टिबाधित सुनील की गायकी से प्रभावित मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा की सराहना की और परिवार का सम्मान किया। सरकार की ओर से सुनील को एक लाख रुपए की सम्मान निधि देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
CM को सुनाया फिल्मी भजन
मुलाकात के दौरान सुनील ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म ‘हनुमान अंश’ में लोकप्रिय हुए अपने बुंदेली भजन की प्रस्तुति दी। इसके बाद मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़ा भजन ‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई’ भी सुनाया। उनकी प्रस्तुति की मुख्यमंत्री ने जमकर तारीफ की।
संगीत की पढ़ाई में भी मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने सुनील को औपचारिक रूप से संगीत की शिक्षा दिलाने में सहयोग का भरोसा दिया है। इसके साथ ही उनकी आंखों के इलाज को लेकर भी आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उभरती प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
कड़ी मेहनत कलाकार को बड़े मंच तक पहुंचा देती है
सागर के ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर सोशल मीडिया और फिर फिल्मी संगीत तक पहुंचे सुनील की कहानी इस बात का उदाहरण है कि मजबूत आवाज और लगातार मेहनत किसी भी कलाकार को बड़े मंच तक पहुंचा सकती है। ‘हनुमान अंश’ के गीत ने उन्हें प्रदेश से बाहर भी पहचान दिलाई है।
