MP Weather: बारिश ने बढ़ाई टेंशन! उफान पर नर्मदा-मंदाकिनी, जानें अपने जिले का हाल
मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है। 28 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है। मंदाकिनी और नर्मदा उफान पर हैं, जबकि बरगी-कुटनी बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
मध्यप्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में प्रदेश के 28 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर-चंबल संभाग के कई जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट है।
कुटनी और बरगी बांध के खोले गए गेट
लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए छतरपुर के कुटनी बांध और जबलपुर के बरगी बांध के गेट खोले गए हैं। इससे निचले इलाकों में प्रशासन की ओर से सतर्कता बरती जा रही है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शिवपुरी, गुना, राजगढ़, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, नर्मदापुरम में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, दतिया, पन्ना, सतना, रीवा, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, छिंदवाड़ा, बैतूल, सीहोर, शाजापुर, देवास,आगर-मालवा और मंदसौर में भारी बारिश की चेतावनी है।
यहा जारी रह सकता है बारिश का दौर
इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, रतलाम, हरदा, मुरैना, जबलपुर, कटनी, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, पांढुर्णा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
भोपाल में रातभर हुई बारिश
राजधानी भोपाल में भी देर रात बारिश हुई, जिसके बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई। प्रदेश में अब तक बारिश का कुल कोटा 78 फीसदी तक पहुंच चुका है।
उफान पर नदियां
सतना के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। स्थानीय निवासी पर्यटकों को किनारे से दूर रहने की समझाइश दे रहे हैं। मंडला में नर्मदा भी उफान पर है।
कई जगह बाढ़ का खतरा
मध्यप्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते कई जिलों में हालात बिगड़ने लगे हैं। सतना, मैहर, छतरपुर और मंडला में बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
