MP में जन्माष्टमी की धूम, CM आवास पर विशेष आयोजन; 101 बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में होंगे शामिल
जन्माष्टमी के मौके पर महू के जानापाव में आज विशेष कार्यक्रम है। सीएम आवास पर कार्यक्रम के बाद दोपहर में करीब एक बजे मुख्यमंत्री महू के जानापाव में परशुराम-श्रीकृष्ण लोक का भूमिपूजन करेंगे।
.avif)
MP Janmashtami Celebration: आज देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम के साथ मनाई जा रही है।जन्माष्टमी के अवसर पर मध्यप्रदेश में शुक्रवार को धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेगा। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर विशेष जन्माष्टमी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में 101 बच्चे बाल-कृष्ण और राधा के रूप में शामिल होंगे। लगभग 1000 से ज्यादा बच्चों के कार्यक्रम में पहुंचने की तैयारी है।
बच्चों को लड्डू गोपाल की प्रतिमा भेंट करेंगे CM
मुख्यमंत्री निवास पर होने वाले समारोह में बच्चों की भागीदारी प्रमुख आकर्षण रहेगी। यहां मटकी फोड़, भक्ति गायन, लोकनृत्य और कृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों को माखन-मिश्री, लड्डू गोपाल की प्रतिमा और श्रीकृष्ण के बाल जीवन से संबंधित साहित्य भेंट किया जाएगा।
55 जिलों में 111 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
प्रदेश स्तर पर भी जन्माष्टमी को बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है। सरकार की ‘घर-घर गोकुल, घर-घर गोपाल’ की अवधारणा के तहत 55 जिलों में 111 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें स्थानीय कलाकार भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनसे जुड़ी लोक परंपराओं की प्रस्तुतियां देंगे।
MP में 7500 से ज्यादा कृष्ण मंदिरों में विशेष सजावट
जन्माष्टमी के मौके पर प्रदेश के 7500 से अधिक कृष्ण मंदिरों में विशेष सजावट और श्रृंगार किया जाएगा। प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भजन, नृत्य-नाटिका, लोकगायन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
इस आयोजन के जरिए सरकार धार्मिक पर्व को बच्चों, युवाओं और स्थानीय कलाकारों की भागीदारी से जोड़ने पर जोर दे रही है। इससे जन्माष्टमी के पारंपरिक उत्सव के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को भी मंच मिलेगा।
जानापाव में होगा परशुराम-श्रीकृष्ण लोक का भूमिपूजन
जन्माष्टमी के मौके पर महू के जानापाव में आज विशेष कार्यक्रम है। सीएम आवास पर कार्यक्रम के बाद दोपहर में करीब एक बजे मुख्यमंत्री महू के जानापाव में परशुराम-श्रीकृष्ण लोक का भूमिपूजन करेंगे। इस दौरान भगवान परशुराम के श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र दिए जाने को लेकर नाटक का आयोजन किया जाएगा।
