Rewa News: सड़क के दावों की खुली पोल! बीमार बच्चे को कपड़े में बांध 3 किमी पैदल चले परिजन
Rewa News: रीवा जिले के जवा जनपद क्षेत्र से सामने आया एक वीडियो ग्रामीण इलाकों में सड़क और आवागमन की बदहाल व्यवस्था की तस्वीर सामने ला रहा है।
Rewa News: विकास और बेहतर सड़क व्यवस्था के दावों के बीच मध्यप्रदेश के रीवा जिले के जवा जनपद क्षेत्र से सामने आया एक वीडियो ग्रामीण इलाकों की बदहाल तस्वीर बयां कर रहा है। लगातार बारिश के बाद मिनी बाणसागर नहर का एक हिस्सा सड़क में समा गया, जिससे जवा तहसील की ग्राम पंचायत कोनीकलां के पौखरी टोला का संपर्क प्रभावित हो गया।
बीमार बच्चे को कपड़े में बांध 3 किमी पैदल चले परिजन
हालात उस वक्त और गंभीर हो गए, जब गांव के एक करीब 10 से 12 साल के बीमार बच्चे को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ी। गांव तक वाहन पहुंचने का रास्ता नहीं था। मजबूर परिजनों ने बच्चे को कपड़े की पोटली में बांधा, कंधे पर उठाया और करीब 2 से 3 किलोमीटर तक पानी और खराब रास्ते के बीच पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचे। इसके बाद मुख्य सड़क से बच्चे को मोटरसाइकिल के जरिए अस्पताल ले जाया गया। पौखरी टोला निवासी मिथलेश केवट के भाई की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों को यह मशक्कत करनी पड़ी।
व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कोनीकलां ग्राम पंचायत की आबादी करीब 6 से 7 हजार है। बारिश के मौसम में पंचायत क्षेत्र के कई टोले पानी से घिर जाते हैं। आपात स्थिति में गांव तक वाहन नहीं पहुंच पाने से मरीजों को काफी परेशानी होती है। सुरक्षित सड़क और संपर्क मार्ग नहीं होने के कारण मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है।
जिला प्रशासन से की मांग
ग्रामीणों ने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर जिला प्रशासन से गांव तक सुरक्षित सड़क और सुचारू आवागमन की व्यवस्था कराने मांग की है।
